‘इंडिया’ गठबंधन शुक्रवार को गांधी जयंती के मौके पर ‘लोकतंत्र बचाओ’ अभियान शुरू करेगा। गठबंधन का कहना है कि इस अभियान के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। इसके अलावा, गठबंधन एसआईआर प्रक्रिया की जांच कराने की मांग भी करेगा। गठबंधन के नेताओं का आरोप है कि एसआईआर को लेकर कई सवाल हैं और इसकी जांच जरूरी है।
देश भर के जिलों में आठ अक्टूबर तक रैलियां और विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। यह फैसला बुधवार को दिल्ली में हुई ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में लिया गया, जिसमें पार्टियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। ‘इंडिया’ गठबंधन ने वोटर लिस्ट में बदलावों में ज्यादा पारदर्शिता की भी मांग की है और यह भी कहा है कि चुनाव ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से कराए जाएं।
ये मांगें विपक्षी गठबंधन ने रखी हैं। छह अक्टूबर को विपक्षी सांसद नई दिल्ली में चुनाव आयोग के मुख्यालय की ओर मार्च करेंगे। इसके अलावा, सिविल सोसाइटी ग्रुप, छात्र संगठनों समेत अन्य संगठनों ने भी शुक्रवार को दिल्ली के जंतर-मंतर और मुंबई के शिवाजी पार्क समेत कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है।