Breaking News

सीतामढ़ी में कुख्यात अपराधी राकेश यादव के भाई को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, मौत     |   ठाणे: मेट्रो निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरा 26 टन वजन वाला कंटेनर, टला बड़ा हादसा     |   ग्रेटर नोएडा: एल्डिगो सोसाइटी में वाटर टैंक सफाई के दौरान 2 की दम घुटने से मौत     |   जम्मू-कश्मीर के दरहाली अट्टी इलाके में अचानक आई बाढ़, घरों और खेतों में घुसा पानी     |   दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन फिर खुले, यात्रियों के लिए बड़ी राहत     |  

बेंगलुरु में पत्नी की हत्या कर पति ने की आत्महत्या की कोशिश, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

कर्नाटक के बेंगलुरु में 32 वर्षीय महिला का शव एक सूटकेस में मिलने के मामले में उसका पति मुख्य संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने शुक्रवार को ये जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक महिला के पति ने कथित तौर पर आत्महत्या करने का प्रयास किया जिसका अब पुणे में इलाज हो रहा है। 
 
मृतक गौरी खेडेकर का शव गुरुवार को एक सूटकेस में मिला था। वे महाराष्ट्र की मूल निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि उसका पति राकेश राजेंद्र खेडेकर अपराध के बाद पुणे भाग गया, जहां उसने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। 

मुख्य संदिग्ध राकेश राजेंद्र खेडेकर को हत्या के सिलसिले में हिरासत में लिया गया है और फिलहाल महाराष्ट्र के एक अस्पताल में उसका इलाज हो रहा है। शहर के पुलिस आयुक्त बी. दयानंद ने कहा कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और ऐसा लगता है कि महिला का पति ही मुख्य संदिग्ध है।

उन्होंने बताया, "उसे पुणे के एक अस्पताल में भर्ती पाया गया है। ऐसा कहा जा रहा है कि उसने आत्महत्या के प्रयास में जहर खा लिया था। वे अस्पताल में हैं और हमारी टीम ने पुणे पुलिस से संपर्क किया है।" दयानंद के अनुसार बेंगलुरु पुलिस की एक टीम पुणे गई है और जैसे ही उसे अस्पताल से छुट्टी मिलेगी उसे पूछताछ के लिए यहां लाया जाएगा। हत्या के पीछे वैवाहिक विवाद को कारण बताया जा रहा है। 

उन्होंने कहा, "मृतका के रिश्तेदार बेंगलुरु आ गए हैं और बाकी जानकारी उनसे ली जाएगी।" इससे पहले, गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे मकान मालिक ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दी थी। महिला और उसका पति पिछले महीने बेंगलुरु चले गए थे और डोड्डाकम्मनहल्ली गांव में एक फ्लैट में रह रहे थे। 

महिला का पति एक आईटी कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में काम करता है। महिला का शव फ्लैट के ‘स्नानघर’ में सूटकेस में मिला। उसके शरीर पर चाकू के घाव के निशान थे। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी को यहां लाकर पूछताछ करने के बाद ही हत्या के पीछे के वास्तविक मकसद का पता चल सकेगा। 

अधिकारी ने कहा, "मामले की जांच की जा रही है और इन विवरणों को सत्यापित करने की आवश्यकता है।" पुलिस ने बताया कि महिला के पास पत्रकारिता और जनसंपर्क में स्नातक की डिग्री थी और उसका पति घर से काम करता था। पुलिस ने बताया कि फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से सैंपल एकत्र किये हैं।