Breaking News

अयोध्या: चढ़ावा चोरी के आरोपियों के मोबाइल डाटा से 2 करोड़ से अधिक की चोरी के chat मिले     |   राम मंदिर चढ़ावा चोरी के सभी पांच आरोपियों से अयोध्या पुलिस आज करेगी जेल में पूछताछ     |   बेंगलुरु में जल संकट, BWSSB ने कारों और पूल में पीने का पानी इस्तेमाल करने पर रोक लगाई     |   मुंबई में जारी है तेज बारिश, कई जगहों पर जलभराव     |   पद्म विभूषण पंडवानी गायिका तीजन बाई का निधन, रायपुर AIIMS में ली आखिरी सांस     |  

असम विधानसभा में पहली बार हिंदी भाषा की एंट्री, 6 जुलाई से बजट सत्र में होगी शुरुआत

असम विधानसभा के इतिहास में पहली बार हिंदी भाषा को विधानसभा की कार्यवाही का हिस्सा बनाया गया है। यह फैसला विधानसभा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास की अध्यक्षता में हुई सामान्य प्रयोजन समिति की बैठक में लिया गया। अब तक विधानसभा की कार्यवाही असमिया, अंग्रेजी और बोडो भाषाओं में होती थी। लेकिन 6 जुलाई से शुरू होने वाले 16वीं असम विधानसभा के बजट सत्र से हिंदी को भी आधिकारिक रूप से शामिल किया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास ने बताया कि समिति की बैठक में संसदीय कार्य मंत्री पीयूष हजारिका, मंत्री केशव महंत, विपक्ष के नेता वाजेद अली चौधरी समेत कई विधायक मौजूद थे। सभी की सहमति से हिंदी को विधानसभा की भाषा के रूप में शामिल करने का फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि पहले विधानसभा में तीन भाषाएं थीं, लेकिन अब पहली बार हिंदी को भी जगह दी गई है।

रंजीत कुमार दास ने बताया कि विधानसभा के आधिकारिक चैनल ALA का नाम बदलकर 'असम विधानसभा टीवी' (Assam Vidhan Sabha TV) किया जाएगा। भविष्य में इसे लोकसभा टीवी और राज्यसभा टीवी की तरह विकसित करने की योजना है। असम विधानसभा का बजट सत्र 6 जुलाई से शुरू होगा और 31 जुलाई तक चलेगा। यह सत्र कुल 21 कार्य दिवस का होगा। राज्य का बजट 10 जुलाई को पेश किया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि इस सत्र में अब तक 10 नए विधेयक (Bills) पेश किए जाने की तैयारी है। रंजीत कुमार दास ने कहा कि जापान के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा से असम को भी भविष्य में लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में GST संग्रह में बढ़ोतरी सरकार के प्रयासों के साथ-साथ ईमानदारी से टैक्स भरने वाले नागरिकों की भी देन है।