Breaking News

नेपाल के NDRRMA ने भोटेकोशी नदी में बाढ़ की स्थिति को लेकर हाई अलर्ट जारी किया     |   चीन: शी जिनपिंग ने तिब्बत में भूस्खलन के बाद राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की     |   नेपाल बाढ़: प्रधानमंत्री और मंत्रियों की एक महीने की सैलरी आपदा कोष में जमा होगी     |   नेपाल से आई बड़ी खुशखबरी! त्रिशूली हाइड्रो प्रोजेक्ट साइट से रेस्क्यू किए गए 350 मजदूर     |   नेपाल में त्रिशूली हाइड्रोपावर टनल में फंसे 350 मजदूरों का रेस्क्यू, कई भारतीय भी शामिल     |  

मुंबई के मरीन ड्राइव पर हाई टाइड, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मुंबई के मरीन ड्राइव पर रविवार को हाई टाइड देखने को मिला। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। आईएमडी के अनुसार, 12 जुलाई को असम-मेघालय, बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, पंजाब और उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में भी भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड तथा पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के उत्तरी हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

आईएमडी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके अलावा अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, पूर्वी मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और झारखंड में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

वहीं गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय, बिहार, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम तथा उत्तराखंड में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

आईएमडी ने तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में लू (हीट वेव) चलने की संभावना भी व्यक्त की है। समुद्री क्षेत्रों के लिए जारी चेतावनी में कहा गया है कि अरब सागर के मध्य और उत्तरवर्ती हिस्सों, उत्तर गुजरात तट, सोमालिया तथा ओमान तट के आसपास 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति झोंकों के दौरान 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।