Breaking News

निहंग-व्यापारी विवाद: पंजाब के CM भगवंत की उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बातचीत हुई     |   उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हरदोई में हुए पुल हादसे का संज्ञान लिया     |   राम मंदिर दान चोरी मामला, SIT जांच में लापरवाही के सबूत मिले     |   अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को अयोध्या में राम मंदिर दर्शन के लिए जाएंगे     |   WB: बैंक अकाउंट्स फ्रीज होने पर तृणमूण कांग्रेस ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया     |  

बर्थडे पार्टी के बाद हाई-स्पीड BMW बनी मौत का कारण, 250 किमी/घंटे की रफ्तार, 2 युवाओं की दर्दनाक मौत

महाराष्ट्र के बदलापुर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. बर्थडे सेलिब्रेशन के बाद दोस्तों के साथ हाई-स्पीड ड्राइव पर निकले तीन युवाओं का सफर कुछ ही मिनटों में दर्दनाक हादसे में बदल गया. मुंबई-बड़ौदा हाईवे पर तेज रफ्तार BMW कार का ऐसा खौफनाक हादस हुआ कि दो युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है. हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और शवों के अंग दूर-दूर तक बिखर गए. हादसे के वक्त कार की रफ्तार 250 किमी प्रति घंटे से ज्यादा बताई जा रही है. 

मृतकों की पहचान बदलापुर निवासी योगेश नेगी (26) और बांद्रा निवासी रेबेका जैकब (24) के रूप में हुई है. योगेश का जन्मदिन था और उसने बदलापुर पश्चिम में दोस्तों के साथ पार्टी की थी, पार्टी के बाद योगेश, रेबेका और कार मालिक अंगद देर रात निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे पर घूमने के लिए पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि रविवार 21 जून की तड़के यह दर्दनाक हादसा हुआ, BMW कार टिटवाला से बदलापुर की ओर आ रही थी. इसी दौरान एरंजाड इलाके के पास चालक का कार से नियंत्रण छूट गया और तेज रफ्तार कार डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार कई बार पलटी खाती हुई सड़क पर घिसटती चली गई.

रात करीब 2 से 3 बजे के बीच BMW एक्सप्रेसवे पर कई बार तेज रफ्तार में दौड़ रही थी. एक चश्मदीद ने बताया, कार दो बार बहुत तेज स्पीड में निकली. तीसरी बार जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी. जब हम मौके पर पहुंचे तो कार पूरी तरह तबाह हो चुकी थी. एक युवती काफी दूर जाकर गिरी थी और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई. दुर्घटना में बदलापुर निवासी योगेश और रिकेबा जैकब की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंगद नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए ठाणे के जूपिटर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार, सभी दोस्त शनिवार रात जन्मदिन की पार्टी मनाकर बदलापुर लौट रहे थे. इसी दौरान यह हादसा हुआ. 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई. दुर्घटनास्थल से कई अहम सबूत जुटाए जा रहे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. हादसे के समय चालक शराब के नशे में था, लेकिन पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. आखिर 250 से ज्यादा की रफ्तार, लापरवाही या फिर कोई और वजह... इस भीषण हादसे की असली तस्वीर जांच के बाद ही साफ हो पाएगी. 

पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल हुआ अंगद कार चला रहा था, उसका इलाज ठाणे के जुपिटर अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है. हालांकि इतनी भीषण टक्कर के बावजूद अंगद कैसे बच गया, क्या कार के एयरबैग खुले थे या कोई अन्य वजह थी, यह अभी साफ नहीं हो सका है. पुलिस ने अभी तक उसका बयान दर्ज नहीं किया है.