Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

मुंबई और ठाणे में भारी बारिश से जलभराव, जनजीवन अस्त-व्यस्त, फ्लैश फ्लड की चेतावनी

महाराष्ट्र के मुंबई और ठाणे जिलों के कई हिस्सों में रविवार सुबह भारी बारिश के बीच जलभराव देखा गया. मुंबई में माहिम के कुछ हिस्से जलभराव से प्रभावित हुए. लगातार बारिश के बाद मुंबई में मीठी नदी का जलस्तर बढ़ गया है. वहीं आईएमडी ने मुंबई सहित महाराष्ट्र के कोंकण में रविवार के लिए फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग ने जिले में दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है. पड़ोसी जिलों ठाणे और पालघर को कम से कम 19 अगस्त तक ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है, जबकि रायगढ़ जिले को शनिवार को रेड अलर्ट पर रखा गया था.

रविवार को कोंकण, उत्तरी गोवा, दक्षिण गोवा, मुंबई शहर, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और उपनगरीय मुंबई जिले में फ्लैश फ्लड का खतरा है. मुंबई शहर और उपनगरों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों के दौरान गोवा, महाराष्ट्र और गुजरात में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है., जबकि 17 से 19 अगस्त तक मुंबई और गोवा सहित कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्र में अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है.

मुंबई में पिछले 24 घंटे के दौरान भारी वर्षा हुई. 16 अगस्त की सुबह 8:00 बजे से 17 अगस्त की सुबह 8:00 बजे तक शहर में 92.81 मिमी वर्षा हुई. पूर्वी उपनगरों में 78.15 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 103.98 मिमी बारिश हुई. शनिवार को मुंबई के सांताक्रूज में 24 सेमी और कोलाबा में 8 सेमी बारिश दर्ज की गई. इसके साथ ही शहर में सुबह 5:22 बजे 3.32 मीटर का उच्च ज्वार देखा गया, जबकि 18 अगस्त को सुबह 7:55 बजे 3.54 मीटर का उच्च ज्वार आने का अनुमान है. 18 अगस्त को सुबह 12:19 बजे और दोपहर 1:51 बजे 1.25 मीटर और 2.43 मीटर का निम्न ज्वार आने का अनुमान है.

बता दें कि विक्रोली भूस्खलन में शनिवार देर रात भारी बारिश के बीच भूस्खलन में दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए. पीड़ितों की पहचान शालू मिश्रा (19) और सुरेश मिश्रा (50) के रूप में हुई. घायल आरती मिश्रा (45) और ऋतुराज मिश्रा (20) वर्तमान में राजावाड़ी अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया. मुंबई पुलिस ने शनिवार को एडवाइजरी जारी की. इसमें मुंबईवासियों को गैर-जरूरी यात्राओं से बचने और भारी बारिश और भीषण जलभराव के बीच बाहर निकलते समय सावधानी बरतने का आग्रह किया गया.