Breaking News

नेपाल के NDRRMA ने भोटेकोशी नदी में बाढ़ की स्थिति को लेकर हाई अलर्ट जारी किया     |   चीन: शी जिनपिंग ने तिब्बत में भूस्खलन के बाद राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की     |   नेपाल बाढ़: प्रधानमंत्री और मंत्रियों की एक महीने की सैलरी आपदा कोष में जमा होगी     |   नेपाल से आई बड़ी खुशखबरी! त्रिशूली हाइड्रो प्रोजेक्ट साइट से रेस्क्यू किए गए 350 मजदूर     |   नेपाल में त्रिशूली हाइड्रोपावर टनल में फंसे 350 मजदूरों का रेस्क्यू, कई भारतीय भी शामिल     |  

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का कहर, अनंतनाग में बादल फटने से तबाही, मलबे से सड़कें बंद

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के चिटरगुल इलाके के नाला चोटीहाल क्षेत्र में रविवार को बादल फटने की घटना के बाद अचानक आई बाढ़ (फ्लैश फ्लड) ने भारी तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा से कृषि भूमि, सेब के बागों और रिहायशी इलाकों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव दल भेजे। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और आवश्यक राहत एवं एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक आई बाढ़ का पानी घरों में घुस गया, जिससे धान की फसल और सेब के बागों को भारी नुकसान हुआ। ग्रामीणों ने सरकार से नुकसान का तत्काल सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। बाढ़ के दौरान हालात इतने भयावह थे कि लोगों को अपनी जान बचाने के लिए घर छोड़ने पड़े। पानी घरों के साथ-साथ मस्जिद तक में भर गया था और चारों ओर तबाही का मंजर था।

स्थानीय निवासियों ने सरकार से अपील की कि अधिकारी मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें और प्रभावित किसानों एवं परिवारों को शीघ्र राहत और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। फिलहाल जिला प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में आपातकालीन टीमें तैनात कर दी हैं, जो नुकसान का आकलन करने और राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।