Breaking News

काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |   जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ तत्काल सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार     |   जंतर-मंतर पर CJP के प्रोटेस्ट के बीच दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद     |   राज्यसभा में जोरदार हंगामा, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस     |   दिल्ली में CJP प्रदर्शन को लेकर अब तक कुल 10 FIR दर्ज     |  

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का अलर्ट, भद्रवाह में लोगों को सतर्क रहने की सलाह

जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। भद्रवाह और आसपास के इलाकों में खराब मौसम को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सार्वजनिक एडवाइजरी जारी की है। लोगों से नदी और नालों के पास जाने से बचने और बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है।

भारी बारिश के बाद प्रशासन ने लोगों और यात्रियों को मौसम से जुड़े खतरों को लेकर सावधान रहने को कहा है। नदियों के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। लोगों से चिनाब नदी से दूर रहने और हालात सामान्य होने तक नदी के किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने को कहा गया है। प्रशासन ने पहाड़ी सड़कों और भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों में अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी है। प्रशासन का कहना है कि लगातार बारिश के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, पहाड़ों से पत्थर गिरने और अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।

लोगों से उफनती नदियों, नालों और बरसाती धाराओं से दूर रहने और जिला प्रशासन व आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, मौसम से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है।

वहीं, जम्मू-कश्मीर के रियासी और ऊपरी इलाकों में लगातार बारिश के कारण सलाल जलाशय में पानी की आवक तेजी से बढ़ गई है। बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए अधिकारियों ने बांध के सभी गेट खोल दिए हैं। बांध से पानी छोड़े जाने के बाद चिनाब नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है और नदी में तेज बहाव देखा जा रहा है।

प्रशासन ने चिनाब नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और नदी के पास जाने से बचने की सलाह दी है। अधिकारियों की ओर से मौसम और नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। उधर, मंगलवार सुबह से राजौरी जिले में भी भारी बारिश हो रही है। इसके चलते राजौरी जिला प्रशासन और पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने, अचानक बाढ़, भूस्खलन और जलभराव का खतरा बना हुआ है। राजौरी पुलिस ने भी तत्काल एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि जिले के कई इलाकों में लगातार भारी बारिश हो रही है, जिससे नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने और किसी भी जोखिम वाले इलाके में जाने से बचने की अपील की है।