Breaking News

काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |   जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ तत्काल सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार     |   जंतर-मंतर पर CJP के प्रोटेस्ट के बीच दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद     |   राज्यसभा में जोरदार हंगामा, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस     |   दिल्ली में CJP प्रदर्शन को लेकर अब तक कुल 10 FIR दर्ज     |  

केरल के 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को केरल के 9 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी के अनुसार पथानामथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड और कन्नूर जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और इसके कारण केरल समेत दक्षिण भारत के कई राज्यों में मौसम सक्रिय बना हुआ है। अगले कुछ दिनों में मानसून के केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों में और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

आईएमडी के अनुसार कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, केरल और लक्षद्वीप में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के राज्यों नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

इसके अलावा पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। ओडिशा और झारखंड के कुछ इलाकों में तेज आंधी भी चल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि गरज-चमक के दौरान घर के अंदर रहें, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और मौसम से जुड़ी चेतावनियों का पालन करें। किसानों को भी फसलों और पशुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। आईएमडी ने कहा कि मानसून के तेजी से आगे बढ़ने के साथ सभी लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की जरूरत है।