दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को आईएनए स्थित दिल्ली हाट में दिल्ली पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित भव्य ‘तीज महोत्सव’ में हिस्सा लिया। रंगों, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक उत्सव से सजे इस आयोजन में मुख्यमंत्री ने महिलाओं और उपस्थित लोगों के साथ तीज की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और भारतीय लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए आयोजित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि “तीज केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, पारिवारिक मूल्यों और नारी शक्ति का उत्सव है।” उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज में सौहार्द, प्रेम और अपनत्व की भावना को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा, ग्रेटर कैलाश से विधायक शिखा रॉय समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की विविधतापूर्ण सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध करने के लिए सरकार ऐसे आयोजनों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। दिल्ली हाट जैसे मंच लोक कला, हस्तशिल्प, पारंपरिक खान-पान और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि तीज महोत्सव जैसे आयोजन ‘लोकल के लिए वोकल’ की भावना को मजबूत करते हैं। इससे स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और नए अवसर हासिल करने का मंच मिलता है। दिल्ली सरकार की ओर से आयोजित यह दो दिवसीय तीज महोत्सव 8 और 9 अगस्त को आईएनए और पीतमपुरा स्थित दिल्ली हाट में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य तीज के माध्यम से नारी शक्ति, प्रकृति प्रेम और पारंपरिक मूल्यों को उत्सव के रूप में प्रस्तुत करना और दिल्लीवासियों के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले पर्यटकों को भारतीय संस्कृति से जोड़ना है।
महोत्सव में पारंपरिक कला एवं शिल्प को बढ़ावा देने के लिए मेहंदी, बिंदी और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। वहीं 9 अगस्त को दोनों दिल्ली हाट में ‘तीज क्वीन-मिस तीज 2026’ और ‘बेस्ट ड्रेस फीमेल’ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विजेताओं को विशेष पुरस्कार भी दिए जाएंगे। महिलाओं के लिए सावन के झूले, सरप्राइज गिफ्ट्स और मेहंदी की व्यवस्था की गई है। वहीं बच्चों के लिए किड्स जोन और सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए म्यूजिकल चेयर जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के जरिए पारंपरिक तीज उत्सव को मनोरंजन के साथ जोड़ा गया है।

तीज महोत्सव में करीब 20 व्यंजनों के स्टॉल और 80 हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। यहां आने वाले लोग पारंपरिक भारतीय खान-पान के साथ विभिन्न हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों का अनुभव ले सकते हैं। इससे स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों को भी अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। महोत्सव स्थल को थीम आधारित सजावट से आकर्षक रूप दिया गया है। दिल्लीवासियों के साथ-साथ दूसरे राज्यों से आने वाले पर्यटकों को भी यहां तीज की परंपराओं और भारतीय संस्कृति की विविधता को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है। पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली की गौरवशाली परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भव्य आयोजनों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की सफलता को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया है, जिसमें आईएनए और पीतमपुरा दिल्ली हाट में बड़ी संख्या में महिलाएं उत्साहपूर्वक हिस्सा ले रही हैं।

कपिल मिश्रा ने कहा कि दो दिवसीय आयोजन में महिलाओं के लिए पारंपरिक मेहंदी, सावन के झूले और कई अन्य आकर्षणों की विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का संकल्प है कि देश की अनमोल सांस्कृतिक धरोहरों और परंपराओं को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाए, उन्हें अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए और आने वाली पीढ़ियों को भी इनसे जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर सभी दिल्लीवासियों को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं और नागरिकों से ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।