Breaking News

मुंबई में BEST बस से टकराया टैंकर, 4 यात्री घायल     |   यूपी के हरदोई में मिलावट के शक में 38 हजार लीटर दूध जब्त     |   यूपी पशुपालन भर्ती घोटाले में रिटायर्ड IAS योगेश कुमार गिरफ्तार, सपा सरकार में थे प्रमुख सचिव     |   जौहर ट्रस्ट से जुड़ी वित्तीय गड़बड़ियों में आजम खान के खिलाफ ED ने दर्ज की FIR     |   नई दिल्ली से पटना के बीच चलेगी वंदे मातरम ट्रेन, रेलवे ने जारी किया शेड्यूल     |  

गर्लफ्रेंड ने जताया ऐसा प्यार, पुलिस ने बॉयफ्रेंड को भेजा चालान, किसिंग कार पर 5500 का फाइन

सोशल मीडिया पर प्रेम जताने का एक अनोखा अंदाज ग्वालियर के एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। उसकी प्रेमिका ने कार पर लिपस्टिक से चुंबन के करीब 3,400 निशान बना दिए, जिसके बाद यातायात पुलिस ने वाहन मालिक पर 5,500 रुपये का जुर्माना लगाया और कार से सभी निशान हटवा दिए।
पुलिस ने बताया कि यह कार पिछले दो दिनों से शहर की सड़कों पर चल रही थी और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।

यातायात पुलिस निरीक्षक अभिषेक रघुवंशी ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि दो दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें सिटी सेंटर इलाके में लिपस्टिक से बने चुंबन के निशानों वाली कार को चलते हुए दिखाया गया था। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान कार की पहचान थाटीपुर क्षेत्र की होने के रूप में हुई। चालक को थाने लाया गया और मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाहन में बदलाव करने के आरोप में 5,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने वाहन मालिक से कार साफ करवाकर उस पर लगे सभी लिपस्टिक के निशान भी हटवा दिए।

कार मालिक आदित्य सिकरवार ने बताया कि उनकी प्रेमिका ने एक ‘‘विदेशी ट्रेंड’’ से प्रभावित होकर कार को इस तरह सजाने का फैसला किया था। उन्होंने कहा कि उनकी प्रेमिका ने करीब साढ़े तीन घंटे में कार पर लिपस्टिक के 3,400 निशान बनाए और फिर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। सिकरवार ने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता था कि ऐसा करना कानूनन गलत है। पुलिस की कार्रवाई के बाद मैंने कार की पूरी बॉडी साफ कराई और 5,500 रुपये का जुर्माना भर दिया। किसी को भी ऐसा काम नहीं करना चाहिए जिससे कानून का उल्लंघन हो।’’