Breaking News

मुंबई: मुहर्रम पर जहरीला कैप्सूल मामले के आरोपी फैयाज को पुलिस कोर्ट लेकर पहुंची     |   दिल्ली में इलेक्ट्रिक व्हीकल (eV) पॉलिसी 2026 लॉन्च, 1 जुलाई से होगी लागू     |   SIA ने श्रीनगर की TADA कोर्ट में सरला भट्ट मर्डर केस में चार्जशीट दाखिल की     |   खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत की ओर से पबित्रा मार्गेरिटा और सैयद अता हसनैन जाएंगे     |   राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: अनिल मिश्रा-गोपाल राव समेत 70-80 लोगों को नोटिस     |  

पंजाब में घग्गर नदी उफान पर, कई गांवों के लिए अलर्ट जारी

पंजाब में भंखरपुर इलाके के पास घग्गर नदी का जलस्तर सोमवार को बढ़ गया, जिसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने कई गांवों के लिए चेतावनी जारी की है। राजपुरा उप-मंडल की घनौर और सनौर विधानसभा क्षेत्रों में नदी के किनारे बसे गांवों के निवासियों को सतर्क रहने और नदी के पास न जाने की सलाह दी गई है। राजपुरा के उप-मंडल मजिस्ट्रेट अविकेश गुप्ता ने ऊंटसर, नन्हेड़ी, संजारपुर, लछरु, कमलपुर, रामपुर, सौंता, मारू और चमरू गांवों के लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

इसी तरह, भस्मरा, जलालखेड़ी, राजूखेड़ी, हडाना, पूर, धरमेरी, उल्टपुर और सिरकपरा गांवों के निवासियों को भी सतर्क रहने को कहा गया है। लगातार बारिश को देखते हुए पटियाला की उपायुक्त डॉ. प्रीति यादव ने कहा कि स्थानीय नाले, तालाब, घग्गर, गंगरी, मार्कंडा तथा अन्य नदियां उफान पर हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अस्थायी सड़कों, विशेषकर जल स्रोतों के पास स्थित रास्तों का उपयोग न करें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

उन्होंने आम जनता से ये भी अनुरोध किया कि लोग पुलों या उफनती जलधाराओं के पास तस्वीरें लेने या घूमने के लिए एकत्र न हों और पशुओं को भी नदी किनारे न ले जाएं। यादव ने बताया कि आगामी तीन दिन के लिए अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजिर रखे हुए है और समय-समय पर चेतावनियां जारी की जा रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी टीमें जिले भर में नदी तटों और संवेदनशील गांवों में तैनात हैं। घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन सतर्कता बरतना आवश्यक है।’’