मध्य प्रदेश के खंडवा में आयोजित एक गरबा कार्यक्रम में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए आधार कार्ड की जांच की जा रही है। बजरंग दल और आयोजकों की तरफ से 'केसरिया गरबा' नाम से कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने वाले पोस्टर लगाए गए हैं।
केसरिया गरबा कार्यक्रम आयोजित करने वाले रितेश कपूर का कहना है, "हमारे आयोजन का नाम ही है केसरिया गरबा पारिवारिक महोत्सव। पारिवारिक महोत्सव मतलब परिवार के लिए आयोजन किया गया है। परिवार कहे तो हिंदू समाज हमारा पूरा परिवार है और ये आयोजन हमने हिंदू समाज के लिए रखा है। यहां आने वालों का हम तिलक लगाकर स्वागत कर रहे हैं। यहां आने वालों का हम सुरक्षा की दृष्टि से आधार कार्ड चेक कर रहे हैं। यहां पर हमने बाउंसर और सुरक्षा गार्ड भी रखे हैं। इसके अलावा आने वालों के हमने पास दिए हैं। इसके अलावा भी हमने परिवार और फैमिली के लिए ही ये कार्यक्रम आयोजित किया है, इसलिए सिंगल पुरुष को हमने बिल्कुल अलाउड नहीं किया है और आधार कार्ड भी इसीलिए चेक कर रहे हैं कि हमने जिसको बुलाया है और जिसके लिए ये आयोजन है, वहीं लोग यहां अंदर उपस्थित होंगे।"
बजरंग दल के कोऑर्डिनेटर आदित्य मेहता ने कहा, "ये मां दुर्गा की आराधना का पर्व है, तो इस आयोजन में किसी तरह की अश्लीलता न हो, गैर हिंदू का प्रवेश न हो, इसलिए बजरंग दल के पूरे कार्यकर्ता जो हैं वो बाहर यहां पर सुरक्षा व्यवस्था में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।" शारदीय नवरात्रि देवी दुर्गा की पूजा के लिए मनाया जाने वाला सालाना उत्सव है, जो नौ दिनों तक चलता है। देश भर में इसे धूमधाम से मनाया जाता है।