Breaking News

अंकिता भंडारी हत्याकांड: मुख्य आरोपी पुलकित के पिता और वकील के खिलाफ जीरो FIR     |   ‘धारा 301’ जांच और 25 प्रतिशत शुल्क को लेकर भारत का अमेरिका को सीधा जवाब     |   दिल्ली के यमुना खादर में मुठभेड़, आरोपी अमन गुर्जर के पैर में गोली     |   उत्तराखंड चुनाव 2027 से पहले प्रशासन में बड़ा फेरबदल, 13 IAS और 17 IPS अफसरों का किया ट्रांसफर     |   26/11 हमले के 18 साल हुए पूरे, चश्मदीद ने बताया-आज भी नहीं सो पाता ठीक से     |  

योगी सरकार के निर्देश पर गन्ना किसानों को तुरंत भुगतान, यूपी की 96 चीनी मिलों में शुरू हुई पेराई

उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों को उनकी फसल का समय पर भुगतान दिलाना योगी सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पेराई सत्र 2026-27 में चीनी मिलों को किसानों का भुगतान जल्द करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश की अब तक 96 चीनी मिलों में गन्ने की पेराई शुरू हो चुकी है।

इनमें 78 चीनी मिलें निजी क्षेत्र की, 17 सहकारी क्षेत्र की और एक निगम क्षेत्र की है। इन मिलों ने अब तक कुल 707 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की है, जिससे 63.80 लाख कुंतल चीनी का उत्पादन हुआ है।

हरियावां चीनी मिल ने की सबसे ज्यादा गन्ने की पेराई

वर्तमान पेराई सत्र में हरदोई की हरियावां चीनी मिल ने अब तक सबसे अधिक गन्ने की पेराई की है। मिल में 22.41 लाख कुंतल गन्ने की पेराई हो चुकी है। इसके बाद सीतापुर की हरगांव चीनी मिल ने 21.94 लाख कुंतल और मुजफ्फरनगर की खतौली चीनी मिल ने 20.95 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की है।

अजबापुर चीनी मिल ने किसानों को किया सबसे ज्यादा भुगतान

गन्ना किसानों को भुगतान करने के मामले में लखीमपुर खीरी की अजबापुर-डीसीएम ग्रुप चीनी मिल सबसे आगे है। इस मिल ने अब तक किसानों को 82 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। वहीं, मेरठ की मवाना चीनी मिल ने 62 करोड़ रुपये और सीतापुर की हरगांव चीनी मिल ने 60.42 करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेजे हैं।

किसानों के खातों में सीधे पहुंच रही भुगतान राशि

वर्तमान पेराई सत्र में अब तक 552.23 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य देय था। इसके मुकाबले चीनी मिलों की ओर से शत-प्रतिशत से अधिक भुगतान किसानों के बैंक खातों में सीधे किया जा चुका है।

पेराई सत्र की शुरुआत से ही भुगतान में तेजी आने से किसानों को राहत मिल रही है। इससे उन्हें बिचौलियों और भुगतान में देरी जैसी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों की आर्थिक समृद्धि, सम्मान और उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर दिलाने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत चीनी मिलों को प्राथमिकता के आधार पर भुगतान करने के लिए कहा गया है। विभाग लगातार भुगतान की निगरानी कर रहा है, ताकि किसानों को समय पर उनकी राशि मिल सके।