Breaking News

अमेरिकी झटके के बावजूद ग्रीन में खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी में उछाल     |   दिल्ली में 10 अक्टूबर के प्रोटेस्ट ने बढ़ाई व्यापारियों की चिंता, कहा- नई गाइडलाइंस जारी करे सरकार     |   ओडिशा: एंबुलेंस में लगी आग, एक मरीज की मौत, दो गंभीर रूप से जख्मी     |   IIT बॉम्बे कैंपस में गैस लीकेज से भड़की आग, 2 बच्चों समेत 5 घायल     |   आज आएंगे पांच विधानसभा और एक लोकसभा उपचुनाव के नतीजे     |  

Assam: बाढ़ से बिगड़े हालात, मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 पहुंची

देश के पूर्वोत्तर हिस्से में बाढ़ से हालात गंभीर बने हुए हैं। भारी बारिश की वजह से आई बाढ़ और भूस्खलन से हुए हादसों में  मरने वालों की संख्या 36 हो गई है। इलाके के कई राज्यों में बाढ़ से साढ़े पांच लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। अकेले असम में 11 लोगों की मौत हो गई है। राज्य के 22 जिलों में 5 लाख 35 हजार से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। राज्य की 15 नदियां इस समय खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

सोनितपुर जिले में महत्वपूर्ण सड़कें पानी में डूब गई हैं। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इलाके में घरों और खेतों में लगी फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक 12,600 हेक्टेयर से ज्यादा कृषि भूमि पूरी तरह पानी में डूब गई है जबकि करीब 100 मवेशी बह गए हैं। किसान अपने नुकसान का हिसाब लगा रहे हैं।

पहले करीमगंज के नाम से जाने जाने वाला श्रीभूमि असम का सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है। यहां करीब दो लाख लोग बाढ़ से जूझ रहे हैं। जिला प्रशासन ने प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर बनाए हैं।

सरकार ने पूरे असम में 165 राहत शिविर बनाए हैं। यहां 31,000 से ज्यादा लोग रह रहे हैं। इसके अलावा 157 राहत वितरण केंद्र भी चालू हैं। गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने असम के अधिकांश हिस्सों में मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। जबकि कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है।