Breaking News

रूस में गैस प्लांट में भीषण आग, 6 चीनी नागरिकों समेत 7 की मौत... 9 अब भी लापता     |   अमेरिका जाने वालों को बड़ा झटका, वीजा अपॉइंटमेंट पर रोक     |   दिल्ली: रेस क्लब को नहीं मिली राहत, कोर्ट ने याचिका ठुकराई, 15 दिन में करना होगा खाली     |   कर्नाटक में सियासी हलचल तेज, नागेंद्र ने CM को दिया इस्तीफे का ऑफर     |   20 बागी TMC सांसदों को लोकसभा सचिवालय का नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब     |  

फिल्ममेकर कुकू कोहली का 77 साल की उम्र में निधन, विक्की कौशल-कैटरीना कैफ समेत सितारों ने दी अंतिम विदाई

मशहूर फिल्ममेकर कुकू कोहली का 77 साल की उम्र में निधन हो गया। मंगलवार को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में हार्ट अटैक के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। बुधवार को मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट पर फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों और करीबियों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।कुकू कोहली की अंतिम यात्रा सुबह 10 बजे अंधेरी वेस्ट के लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स स्थित उनके घर ग्रीन एकर्स से शुरू हुई और ओशिवारा श्मशान घाट पहुंची। अभिनेता गजेंद्र चौहान, FWICE के अध्यक्ष बीएन तिवारी और उपाध्यक्ष अशोक दुबे समेत कई लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

कुकू कोहली की पत्नी और अभिनेत्री अरुणा ईरानी भी अंतिम संस्कार में पहुंचीं। इस दौरान वह काफी भावुक नजर आईं। अभिनेता विक्की कौशल, कैटरीना कैफ, फिल्ममेकर रोहित शेट्टी, राजपाल यादव और गीतकार जावेद अख्तर ने भी श्मशान घाट पहुंचकर उन्हें अंतिम विदाई दी। अभिनेता रजा मुराद ने कुकू कोहली को याद करते हुए बताया कि दोनों बांद्रा के सेंट थेरेसा हाई स्कूल में साथ पढ़ते थे। उन्होंने कहा कि कुकू उनसे दो साल सीनियर थे।

रजा मुराद ने बताया कि कुकू कोहली ने आरके स्टूडियोज में राज कपूर के असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया था। इसके बाद वह फिल्ममेकर राहुल रवैल के साथ भी जुड़े। दोनों ने 'गुनाहगार' फिल्म में साथ काम किया था। रजा मुराद ने कुकू कोहली की पहली फिल्म 'फूल और कांटे' में काम करने की याद भी साझा की। इस फिल्म से अजय देवगन ने बॉलीवुड में बतौर अभिनेता डेब्यू किया था और फिल्म बड़ी हिट साबित हुई थी। रजा मुराद ने बताया कि इस फिल्म में उनका भी अहम किरदार था। उन्होंने कहा कि स्कूल के दिनों में कुकू कोहली का नाम अवतार कोहली था। वह बेहद शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। वह मीडिया से ज्यादा घुलते-मिलते नहीं थे और कम बोलते थे।

रजा मुराद ने कुकू कोहली की पत्नी अरुणा ईरानी के प्रति भी संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर जीवनसाथी का साथ बहुत जरूरी होता है और इस उम्र में अकेलापन काफी दर्दनाक हो सकता है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अरुणा ईरानी के साथ कुकू कोहली से उनकी मुलाकात हुई थी। उस समय वह बिल्कुल स्वस्थ नजर आ रहे थे। रजा मुराद ने कहा कि जिंदगी और मौत का कोई भरोसा नहीं होता और सब कुछ ईश्वर के हाथ में है।

कुकू कोहली ने बतौर निर्देशक अपनी शुरुआत 1991 में आई फिल्म 'फूल और कांटे' से की थी। इस फिल्म में अजय देवगन के साथ मधु, अमरीश पुरी, अरुणा ईरानी और जगदीप नजर आए थे। फिल्म की सफलता ने अजय देवगन के फिल्मी करियर को मजबूत शुरुआत दी। इसके बाद कुकू कोहली ने 1994 में 'सुहाग' फिल्म का निर्देशन किया। इसमें अजय देवगन, अक्षय कुमार, करिश्मा कपूर और नगमा मुख्य भूमिकाओं में थे। उन्होंने 'हकीकत', 'जुल्मी', 'अनाड़ी नंबर 1' और 'ये दिल आशिकाना' जैसी फिल्मों का भी निर्देशन किया। कुकू कोहली की आखिरी निर्देशित फिल्म 'वो तेरा नाम था' थी, जो 2004 में रिलीज हुई थी। उनके परिवार में पत्नी अरुणा ईरानी और पहली पत्नी रीता कोहली से दो बेटियां पूजा और करिश्मा हैं।