Breaking News

नेपाल के NDRRMA ने भोटेकोशी नदी में बाढ़ की स्थिति को लेकर हाई अलर्ट जारी किया     |   चीन: शी जिनपिंग ने तिब्बत में भूस्खलन के बाद राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की     |   नेपाल बाढ़: प्रधानमंत्री और मंत्रियों की एक महीने की सैलरी आपदा कोष में जमा होगी     |   नेपाल से आई बड़ी खुशखबरी! त्रिशूली हाइड्रो प्रोजेक्ट साइट से रेस्क्यू किए गए 350 मजदूर     |   नेपाल में त्रिशूली हाइड्रोपावर टनल में फंसे 350 मजदूरों का रेस्क्यू, कई भारतीय भी शामिल     |  

महाराष्ट्र की राजनीति में फडणवीस का नया रिकॉर्ड, 2,430 दिनों के साथ तीसरे सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री बने

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य की राजनीति में एक नया रिकॉर्ड बनाया है। वह अब महाराष्ट्र के तीसरे सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार को पीछे छोड़ दिया है। 12 जुलाई 2026 तक देवेंद्र फडणवीस ने अपने तीन कार्यकालों को मिलाकर करीब 6 साल 7 महीने (2,430 दिन) मुख्यमंत्री के रूप में पूरे कर लिए हैं। वहीं, शरद पवार चार बार मुख्यमंत्री रहे, लेकिन उनका कुल कार्यकाल करीब 6 साल 221 दिन (2,412 दिन) रहा।

फडणवीस ने पहली बार 2014 से 2019 तक लगातार पांच साल मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। उनका दूसरा कार्यकाल सिर्फ 6 दिन चला, जबकि तीसरा और मौजूदा कार्यकाल अभी जारी है। 12 जुलाई तक उनके मौजूदा कार्यकाल के 585 दिन पूरे हो चुके हैं। महाराष्ट्र के इतिहास में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड वसंतराव नाईक के नाम है। उन्होंने 11 साल 78 दिन (4,096 दिन) तक मुख्यमंत्री पद संभाला। दूसरे स्थान पर विलासराव देशमुख हैं, जिनका कुल कार्यकाल करीब 7 साल 129 दिन (2,686 दिन) रहा। अब देवेंद्र फडणवीस तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं और उनका मौजूदा कार्यकाल अभी जारी है।

22 जुलाई 1970 को नागपुर में जन्मे देवेंद्र फडणवीस ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1992 में नागपुर नगर निगम के पार्षद के रूप में की थी। इसके बाद वे लगातार पांच बार विधायक चुने गए। मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने समृद्धि एक्सप्रेसवे, मुंबई नेक्स्ट, पुलिस डिजिटलीकरण परियोजना और छत्रपति शिवाजी महाराज कृषि सम्मान योजना जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की। साल 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने 235 सीटें जीतकर बड़ी जीत दर्ज की थी। भाजपा 132 सीटों के साथ राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी।