Breaking News

RSS का दिल्ली में 29 नवंबर को बड़ा कार्यक्रम, मोहन भागवत भी होंगे शामिल     |   बिहार के बेतिया में हाथी दांत की बड़ी खेप बरामद, 4 तस्कर गिरफ्तार     |   यूपी में 28 IPS अफसरों के तबादले, प्रशांत कुमार को आगरा जोन का एडीजी बनाया गया     |   क्राइस्टचर्च टेस्ट: न्यूजीलैंड को सातवां झटका, आकाशदीप का शिकार बने स्मिथ     |   होर्मुज में बारूदी सुरंगों की चपेट में आए दो तेल टैंकर, ईरानी नौसेना का दावा     |  

प्रतापगढ़ और अमेठी में मिलावटी पनीर बनाने वाली इकाइयों पर एफएसडीए की कार्रवाई, 3.93 लाख का खाद्य पदार्थ नष्ट

लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए), उत्तर प्रदेश मिलावट के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में प्रतापगढ़ और अमेठी में दूध व दुग्ध उत्पाद बनाने वाली तीन इकाइयों पर एक साथ छापेमारी की गई। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। टीम ने तीनों इकाइयों का काम बंद करा दिया और करीब 3.93 लाख रुपये के खाद्य पदार्थ मौके पर नष्ट कराए।

bFGF

प्रतापगढ़ के उदयपुर (लालगंज) स्थित मेसर्स श्यामलाल एंड सन्स में खोवा बनाने के लाइसेंस पर पनीर का उत्पादन किया जा रहा था। यहां 65 बोरी स्किम्ड मिल्क पाउडर (एसएमपी), औद्योगिक इस्तेमाल के लिए निर्धारित एसिटिक एसिड और गंदगी के बीच खाद्य पदार्थ तैयार किए जाने की जानकारी मिली। कार्रवाई के दौरान पनीर, पनीर का घोल, क्रीम और दही नष्ट कराया गया। तीनों इकाइयों से कुल 10 नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं।

खोवा के लाइसेंस पर हो रहा था पनीर का उत्पादन

bvfdbvF

प्रतापगढ़ की इकाई में निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फर्म के लाइसेंस में खोवा निर्माण की अनुमति थी, लेकिन वहां पनीर, खोवा और घी भी बनाया जा रहा था। लाइसेंस परिसर में प्रदर्शित नहीं था और संचालक ने इसे मोबाइल फोन पर दिखाया।

vbFVFS

संचालक ने बताया कि यहां रोजाना करीब 10 क्विंटल लो-फैट पनीर बनाया जाता है, लेकिन तैयार उत्पाद की आपूर्ति कहां की जाती है, इसकी जानकारी नहीं दे सके। मौके पर लगभग आठ क्विंटल पनीर, पांच क्विंटल खोवा और 170 किलोग्राम क्रीम मिली।

vbSFVSF

जांच में 65 बोरी स्किम्ड मिल्क पाउडर बरामद हुआ। प्रत्येक बोरी में 25 किलोग्राम पाउडर था। संचालक ने पनीर बनाने में एसएमपी के इस्तेमाल की बात स्वीकार की। परिसर में करीब 2,880 लीटर पनीर का घोल भी मिला, जिसे एसएमपी, पानी और दूध मिलाकर तैयार किया गया था। पनीर बनाने के लिए रखा 40 लीटर का एसिटिक एसिड पैक भी मिला। उस पर स्पष्ट रूप से 'Acetic Acid Glacial (For Industrial Use Only)' लिखा था। पैक पर कानपुर की एक एजेंसी का पता भी दर्ज था।

गंदगी के बीच खाद्य पदार्थों का निर्माण

bvSvS

निरीक्षण के दौरान इकाई में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी सामने आई। निर्माण स्थल पर गंदा पानी जमा था, दुर्गंध फैल रही थी और मक्खियां उड़ रही थीं। दीवारों व छत पर जाले लगे थे। पनीर गंदे टैंक में रखा था और करीब 170 किलोग्राम क्रीम पांच प्लास्टिक केन में बिना ढके मिली। क्रीम पर बड़ी संख्या में मक्खियां बैठी थीं। लगभग 600 लीटर पनीर का घोल खुले टैंक में रखा था, जिसमें भी गंदगी और मक्खियां मौजूद थीं।

bfSVSF

एसएमपी की बोरियां सीधे फर्श पर रखी गई थीं। खोवा बनाने वाली जगह की दीवारों पर खोवा जमा था और भट्ठियां भी गंदी थीं। संचालक के मुताबिक, इकाई में 12 कर्मचारी काम करते हैं, लेकिन किसी का स्वास्थ्य परीक्षण नहीं कराया गया था। कर्मचारियों के पास एप्रन, हेयर कैप और उचित पोशाक भी नहीं थी।

bDFDF

खाद्य पदार्थों के साथ कर्मचारियों के जूते-चप्पल और निजी कपड़े रखे मिले। परिसर में कबाड़ जमा था। दूध के लिए इस्तेमाल किए जा रहे टैंक भी गंदे थे और दूध की खरीद से जुड़े रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराए गए। साफ-सफाई और पेस्ट कंट्रोल का रिकॉर्ड भी नहीं मिला।

vbVDF

इसके अलावा तीन टैंकों में करीब 11 हजार लीटर मिश्रित दूध रखा था। संचालक दूध की खरीद के स्रोत और तारीख के बारे में जानकारी नहीं दे सके। परिसर में बर्फ की सिल्लियां भी मिलीं, लेकिन उनके स्रोत और उपयोग का संतोषजनक विवरण नहीं दिया गया। खुले में मीठा सोडा और फिटकरी भी रखी मिली।

प्रतापगढ़ में 3.32 लाख रुपये का खाद्य पदार्थ नष्ट

bFVDF

प्रतापगढ़ की इकाई से पनीर, खोवा, एसएमपी, मिश्रित दूध और क्रीम के पांच नमूने लिए गए। कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार अवस्थी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार माधव ने सहयोग किया। अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे करीब आठ क्विंटल पनीर, जिसकी कीमत एक लाख रुपये थी, 2,880 लीटर पनीर का घोल, जिसकी कीमत 1,72,800 रुपये थी, और 170 किलोग्राम क्रीम, जिसकी कीमत 59,500 रुपये थी, नष्ट कराई गई।

bvFSVSF

कुल 3,32,300 रुपये की खाद्य सामग्री संचालक की सहमति से जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाकर टीम की मौजूदगी में नष्ट की गई। विभाग ने संचालक को निर्देश दिया कि कमियां दूर करने और लाइसेंस में जरूरी संशोधन कराने के साथ सहायक आयुक्त, प्रतापगढ़ का लिखित आदेश मिलने तक इकाई बंद रखी जाए।

अमेठी में 195 किलो पनीर और 358 किलो दही नष्ट

bFDFD

अमेठी के तिलोई क्षेत्र के सांगीपुर (मोहनगंज) में दो दुग्ध उत्पाद इकाइयों पर भी छापेमारी की गई। एक पनीर निर्माण इकाई में करीब 195 किलोग्राम बासी पनीर मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 42 हजार रुपये थी। टीम ने पनीर और मिश्रित दूध के नमूने लिए और बासी पनीर मौके पर नष्ट करा दिया।

वहीं, राम धड़ाके फूड्स के निरीक्षण में क्रीम, दही और खोवा के नमूने लिए गए। यहां करीब 358 किलोग्राम दही मिला, जो सात दिन पुराना था। इसकी अनुमानित कीमत 18,620 रुपये बताई गई। दही को भी मौके पर नष्ट कराया गया। अमेठी की दोनों इकाइयों का संचालन बंद करा दिया गया। प्रतापगढ़ से पांच और अमेठी से पांच, इस तरह कुल 10 नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

प्रदेशभर में जारी है 'शुद्ध ही शुभ है' अभियान

bFDbDG

एफएसडीए उत्तर प्रदेश की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर प्रदेश में 'शुद्ध ही शुभ है' अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने, नमूने लेने और मिलावट के खिलाफ छापेमारी की जा रही है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी, अस्वच्छ और निर्धारित मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थ बनाने या बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों को किसी भी स्तर पर राहत नहीं दी जाएगी।

खाद्य पदार्थ खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत खाद्य कारोबारियों के लिए लाइसेंस या पंजीकरण अनिवार्य है। इसे प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करना भी जरूरी है।

  • लाइसेंस में जिन उत्पादों के निर्माण की अनुमति है, उसी के अनुसार उत्पादन किया जाना चाहिए।
  • पैकेटबंद खाद्य पदार्थ खरीदते समय एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि जरूर जांचें।
  • दूध और दुग्ध उत्पाद खुले में रखे हों, मक्खियों से घिरे हों या उनसे दुर्गंध आ रही हो, तो उन्हें खरीदने से बचें।

खाद्य पदार्थों में मिलावट या गंदगी का संदेह होने पर एफएसएसएआई की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-112-100 या 'फूड सेफ्टी कनेक्ट' ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।