Breaking News

झारखंड स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू के 8 मामले सामने आने के बाद अलर्ट जारी किया     |   Everest की हींग पर लगा बैन, FSSAI को गरम मसाले और चिकन मसाले में भी मिली गड़बड़     |   ग्रेटर नोएडा: 6 साल की बच्ची को मारने वाला आरोपी एनकाउंटर में ढेर     |   नेपाल बाढ़: मरने वालों की संख्या 669 पहुंची     |   चोट के चलते नीरज चोपड़ा एशियन गेम्स से बाहर, नहीं खेलेंगे पूरा सीजन     |  

E20 पेट्रोल विवाद...नितिन गडकरी को लेकर सोशल मीडिया भ्रामक पोस्ट, कई क्रिएटर्स पर FIR दर्ज

नागपुर साइबर पुलिस ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के खिलाफ कथित मानहानिकारक डिजिटल अभियान चलाने के आरोप में कई सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई एथेनॉल मिश्रित (E20) ईंधन नीति को लेकर सोशल मीडिया पर किए गए विवादित पोस्ट और वीडियो के आधार पर की गई है।

नागपुर के संयुक्त पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा, "एफआईआर में संबंधित लोगों के नाम, उनके पोस्ट और कुछ लोगों द्वारा की गई कथित आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणियों का उल्लेख है। मामले की जांच जारी है।" यह शिकायत भाजपा नागपुर शहर सोशल मीडिया सेल के संयोजक शिशिर अरुण त्रिपाठी ने दर्ज कराई है।

शिकायत के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को यूट्यूबर मनीष कश्यप ने एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें नितिन गडकरी और E20 ईंधन को लेकर कथित तौर पर झूठे, भ्रामक और मानहानिकारक दावे किए गए थे। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 'Desi Boys', 'Harshit Rathi' और 'Anklesh Inwati' समेत अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स ने भी इसी तरह की वीडियो और पोस्ट साझा कीं, जिनमें केंद्रीय मंत्री के खिलाफ कथित रूप से निराधार और आपत्तिजनक आरोप लगाए गए।

नागपुर साइबर पुलिस ने शिकायत और डिजिटल सबूतों के आधार पर एफआईआर संख्या 0092/2026 दर्ज की है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 356, 352 और 296 तथा सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम, 2000 की धारा 67 के तहत दर्ज किया गया है। इसी बीच, आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर E20 पेट्रोल को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि जिन वाहनों को E20 ईंधन के लिए डिजाइन नहीं किया गया है, उनमें इस ईंधन को लागू करने के फैसले पर दोबारा विचार किया जाए।