पश्चिम बंगाल और असम समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के बाद वोटों की गिनती शुरू हो गई है। बंगाल की फलता सीट को छोड़कर सभी सीटों के नतीजे आज घोषित किए जा रहे हैं। असम में बीजेपी बंपर जीत की ओर आगे बढ़ रही है। बंगाल में बीजेपी ने अच्छी बढ़त बना ली है। केरल में यूडीएफ आगे हो गई है और तमिलनाडु में डीएमके का गठबंधन जबरदस्त बढ़त बनाए हुए है। पुडुचेरी में फिर से बीजेपी की सरकार रिपीट हो सकती है।
पश्चिम बंगाल में संवेदनशील माहौल देखते हुए मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस बार तमिलनाडु, केरल और पुडुच्चेरी में भी जमकर मतदान हुआ है। बंगाल की 293 सीटों के लिए 77 मतगणना केंद्रों पर गिनती होगी। मतगणना से पहले ही टीएमसी और बीजेपी ने एक दूसरे पर हेरफेर के आरोप लगाए हैं। असम चुनावमें भी इस बार कांग्रेस और बीजेपी के बीच खींचतान है।
भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की उम्मीद कर रहा है। राज्य की 126 विधानसभा सीट से 722 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य को समेटे हुए इईवीएम, 35 जिलों के 40 मतगणना केंद्रों पर खोली जाएंगी। राज्य में मतदान 9 अप्रैल को हुआ था, जिसमें 85.96 प्रतिशत मतदान हुआ था।
तमिलनाडु में सत्तारूढ़ DMK एक बदले हुए राजनीतिक परिदृश्य में चुनाव लड़ रही है, जहां उसके मुख्य प्रतिद्वंद्वी AIADMK के अलावा, अभिनेता और नेता विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) और सीमान की एनटीके जैसी नई पार्टियां भी मैदान में हैं। डीएमके राज्य में लगातार दूसरी बार सत्ता में आने की उम्मीद कर रही है। केरल की 140 और पुडुच्चेरी की 30 सीटो पर भी वोटों की गिनती 8 बजे से शुरू हो गई है।