Breaking News

नेपाल के NDRRMA ने भोटेकोशी नदी में बाढ़ की स्थिति को लेकर हाई अलर्ट जारी किया     |   चीन: शी जिनपिंग ने तिब्बत में भूस्खलन के बाद राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की     |   नेपाल बाढ़: प्रधानमंत्री और मंत्रियों की एक महीने की सैलरी आपदा कोष में जमा होगी     |   नेपाल से आई बड़ी खुशखबरी! त्रिशूली हाइड्रो प्रोजेक्ट साइट से रेस्क्यू किए गए 350 मजदूर     |   नेपाल में त्रिशूली हाइड्रोपावर टनल में फंसे 350 मजदूरों का रेस्क्यू, कई भारतीय भी शामिल     |  

ईडी ने पहली बार नीलाम किया जब्त विमान, 3 करोड़ रुपये में बिका Hawker 800A

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पहली बार जब्त किए गए एक विमान की नीलामी की है। हैदराबाद जोनल कार्यालय ने 1 जुलाई को Hawker 800A विमान को MSTC लिमिटेड के माध्यम से 3 करोड़ रुपये में नीलाम किया। यह विमान 7 मार्च 2025 को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मनी लॉन्ड्रिंग (PMLA) मामले की जांच के दौरान जब्त किया गया था। यह कार्रवाई हैदराबाद की कंपनी कैपिटल प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड, उसके CMD अमरदीप कुमार और अन्य आरोपियों के खिलाफ की गई थी।

ईडी के मुताबिक, कैपिटल प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड और उसके अधिकारियों पर 792 करोड़ रुपये के कथित पोंजी घोटाले का आरोप है। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपियों ने इनवॉइस डिस्काउंटिंग स्कीम के नाम पर निवेशकों से पैसा लिया और अधिक रिटर्न का वादा किया। लेकिन वास्तव में ऐसा कोई कारोबार नहीं किया गया। इस तरह बड़ी संख्या में निवेशकों के साथ कथित धोखाधड़ी की गई।

ईडी ने यह मामला साइबराबाद पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) द्वारा दर्ज तीन एफआईआर के आधार पर दर्ज किया था। इन एफआईआर में फाल्कन ग्रुप (कैपिटल प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड), उसके CMD अमरदीप कुमार और अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था। ईडी ने बताया कि विमान की नीलामी से मिलने वाले 3 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वास्तविक निवेशकों को राहत देने (Restitution) के लिए किया जाएगा। हालांकि, इसके लिए PMLA की विशेष अदालत से अनुमति ली जाएगी।

इस मामले में ईडी पहले ही संदीप कुमार (अमरदीप कुमार के भाई), चार्टर्ड अकाउंटेंट शरद चंद्र तोषणीवाल और फाल्कन इनवॉइस डिस्काउंटिंग के CEO आर्यन सिंह छाबड़ा को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा, ईडी ने 29 सितंबर 2025 को संबंधित अदालत में प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट (चार्जशीट) भी दाखिल की थी। ईडी ने कहा कि वह मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान, जब्ती और कुर्की करने के साथ-साथ आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और पीड़ित निवेशकों को उनकी संपत्ति वापस दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।