उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक निजी स्लीपर बस टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में तुरंत आग लग गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनभर से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। कई लोगों ने किसी तरह बस से कूदकर अपनी जान बचाई।
निजी स्लीपर डबल डेकर बस मतसेना थाना क्षेत्र में पिलर नंबर 46 के पास एक कैंटर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में तुरंत आग लग गई और कुछ ही मिनटों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बस चालक और कंडक्टर की मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन यात्री घायल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, डबल डेकर स्लीपर बस कानपुर से गुरुग्राम जा रही थी तभी उसकी टक्कर एक टैंकर से हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकलकर्मी और बचाव दल मौके पर पहुंचे।
दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया जबकि बचाव दल ने घायल यात्रियों को बस से बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज, सैफई मेडिकल कॉलेज और शिकोहाबाद के अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में कई यात्रियों को झुलसने और अन्य गंभीर चोटें आई हैं।
फिरोजाबाद नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे ने इस घटना को "बेहद दुखद" बताया और कहा कि दुर्घटना में 15 से 20 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि पांच घायल व्यक्तियों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य को शिकोहाबाद और सैफई के अस्पतालों में रेफर किया गया है।पांडे ने कहा, "वर्तमान में उपलब्ध जानकारी के आधार पर, ड्राइवर और कंडक्टर की मौत हो चुकी है।"