Breaking News

देहरादून: कार के सामान की दुकान में लगी आग     |   मई में भारत की इंडस्ट्रियल ग्रोथ बढ़कर 5.1 प्रतिशत हुई, अप्रैल में 4.9 फीसदी थी     |   2021 बंगाल हिंसा-हत्या केस: CBI ने आरोपी खालिद उज जमान को अरेस्ट किया     |   राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 30 जून से 1 जुलाई तक आंध्र प्रदेश के दौरे पर रहेंगी     |   राजा रघुवंशी मर्डर केस में मेघायल हाई कोर्ट ने सोनम की जमानत बरकरार रखी     |  

गुजरात के चोटिला-राजकोट हाईवे पर डंपर-बस की भिडंत, 4 की मौत

गुजरात के राजकोट-चोटिला नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. करीब 10 अन्य लोग बुरी तरह घायल हो गए. यह हादसा सांगानी गांव के पास यात्रियों से भरी एक लग्जरी बस और एक टैंकर की आपस में जोरदार टक्कर के बाद हुआ है. घायलों को राजकोट सिविल अस्पताल ले जाया गया है. टक्कर के बाद कुछ समय तक हाईवे पर ट्रैफिक पूरी तरह से रुक गया था.

पुलिस के अनुसार, सुरेंद्रनगर जिले के सांगानी गांव के पास टैंकर का टायर फटने के कारण बस और टैंकर की आपस में टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही सेकंड में दोनों वाहनों में आग लग गई. आग तेजी से फैली, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और वे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. कुछ यात्री बच नहीं पाए, जब तक वो बाहर निकल पाते आग ने उन्हें चपेट में ले लिया. आग में चार लोग जिंदा जल गए. वहीं. 10 अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए. बताया जा रहा है कि यह हादसा रात करीब 2 बजे हुआ.

पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) एसएस भदौरिया ने बताया कि यह दुर्घटना देर रात करीब 1:30 बजे चोटिला-राजकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सांगानी गांव के पास हुई. निजी लग्जरी बस अहमदाबाद से राजकोट की ओर जा रही थी, तभी वह अपने आगे जा रहे डामर (कोलतार) से लदे एक टैंकर से टकरा गई. टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई. घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया. भदौरिया के अनुसार, बस में कम से कम 40 यात्री सवार थे, जिनमें से कई लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया.