उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को लखनऊ स्थित अपने आवास पर जनता दर्शन का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। डिप्टी सीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर बात कर शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने चिकित्सा उपचार, आर्थिक सहायता, पुलिस, राजस्व, भूमि विवाद और पारिवारिक समस्याओं से जुड़ी शिकायतें उप मुख्यमंत्री के सामने रखीं। ब्रजेश पाठक ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनी।
पीड़ितों को जल्द राहत देने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर शिकायत की गंभीरता को समझते हुए उसका गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को नियमानुसार जल्द से जल्द राहत मिलनी चाहिए।
जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता

ब्रजेश पाठक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी फरियादी को अनावश्यक परेशानी न हो और उसकी शिकायत का समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए।
