Breaking News

गोवा से दिल्ली आ रही IndiGo की फ्लाइट का इंजन फेल     |   SCO समिट में 30 से ज्यादा अहम दस्तावेजों पर मुहर, AI से ऊर्जा सुरक्षा तक कई समझौते     |   राम मंदिर के पहले CEO के चयन की प्रक्रिया तेज, 3 सदस्यीय कमेटी ने सौंपी रिपोर्ट     |   संभल शाही जामा मस्जिद सर्वे विवाद पर SC में सुनवाई टली, अब 8 सितंबर को होगी सुनवाई     |   BRICS 2026 कारकेड रिहर्सल को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी     |  

दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने पेश किया ‘ग्रीन बजट’ 2026-27, पर्यावरण के लिए 21% आवंटन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को 2026-27 का बजट पेश किया, जिसे उन्होंने ‘ग्रीन बजट’ बताया। इस बजट का फोकस पर्यावरण संरक्षण और संतुलित विकास पर रखा गया है। बजट सत्र को संबोधित करते हुए सीएम गुप्ता ने कहा, “इस बार हमने दिल्ली का बजट ‘ग्रीन बजट’ के रूप में पेश किया है। हर योजना को ‘ग्रीन लेंस’ से देखा गया है। बजट की हर नीति का पर्यावरण पर असर होगा और हर निर्णय में आने वाली पीढ़ियों की चिंता शामिल है। इसी वजह से कुल बजट का 21% हिस्सा पर्यावरण सुधार पर खर्च किया जाएगा।”

उन्होंने कहा कि यह बजट सरकार की सोच में एक ऐतिहासिक बदलाव को दर्शाता है, जिसमें विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित किया गया है। वित्तीय प्रावधानों पर जानकारी देते हुए सीएम ने बताया कि बजट में 70.3% हिस्सा राजस्व व्यय और 29.7% पूंजीगत व्यय के लिए रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस साल पूंजीगत खर्च में भी बढ़ोतरी की जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि 2025-26 में टैक्स-जीएसडीपी अनुपात 4.95% था, जो 2026-27 में बढ़कर 5.09% होने का अनुमान है। इसके साथ ही इस वर्ष दिल्ली को 9,092 करोड़ रुपये का राजस्व अधिशेष मिलने की उम्मीद है। सीएम गुप्ता ने कहा कि ‘विकसित दिल्ली, हरित दिल्ली’ सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि सरकार का विजन है, जिसके तहत एक सुरक्षित, सकारात्मक और समृद्ध वातावरण तैयार किया जाएगा। उन्होंने दिल्लीवासियों का आभार जताते हुए कहा कि सरकार जनता के विश्वास के साथ लगातार काम कर रही है और राजधानी को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 25 मार्च तक चलेगा।