Breaking News

बरगी डैम क्रूज हादसा: 48 घंटे बाद मिला एक बच्चे का शव, मृतकों की संख्या 10 हुई     |   ICC महिला T20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान, हरमनप्रीत कौर रहेंगी कप्तान     |   बंगाल: ममता बनर्जी आज काउंटिंग एजेंट्स संग करेंगी अहम बैठक     |   बंगाल री-पोलिंग: दोपहर 3 बजे तक 72.43% मतदान दर्ज     |   खराब मौसम के चलते 3 दिनों में केदारनाथ धाम की 50 प्रतिशत हेलीकॉप्टर टिकट कैंसिल     |  

उत्तर प्रदेश में कॉन्स्टेबल ने महिला से की छेड़छाड़, आरोपी निलंबित

उत्तर प्रदेश में कानपुर के काकादेव इलाके में एक महिला से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने को लेकर एक आरक्षी को निलंबित कर दिया गया। ये कार्रवाई एक वीडियो के वायरल होने के बाद हुई जिसमें कुछ महिलाएं आरक्षी (कॉन्स्टेबल) से भिड़ते और उसे घसीटती हुए पुलिस वाहन तक ले जाती दिख रही हैं। पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि नजीराबाद थाने के पुलिस प्रतिक्रिया वाहन (पीआरवी) में तैनात आरक्षी बृजेश सिंह ने उसे घर लौटते समय 'गोल चौराहे' पर परेशान किया। महिला ने पुलिस को बताया,‘‘मैं अकेली थी, इसलिए पहले तो चुप रही। लेकिन वह बदतमीजी करता रहा।’’

उसका कहना है कि घर पहुंचने के बाद उसने इस घटना के बारे में अपनी मां और बहन को बताया वह उनके साथ घटनास्थल पर दोबारा पहुंची तो देखा कि आरक्षी बृजेश सिंह उस वक्त भी वहीं मौजूद था। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने वीडियो रिकॉर्ड करने की कोशिश की तो आरोपी ने कथित तौर पर उसका फोन छीनने का प्रयास किया और उसका हाथ मरोड़ दिया जिससे उसकी चूड़ियां टूट गईं। महिला का कहना है कि उसने आरक्षी को पकड़ लिया और अपनी बहन की मदद से पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी आरक्षी को हिरासत में ले लिया।

सहायक पुलिस आयुक्त (स्वरूप नगर) सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार से संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए हैं। आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।’’ रामटेके ने बताया कि पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।