Breaking News

दिल्ली साइबर पुलिस ने 'डिजिटल अरेस्ट' रैकेट का किया भंडाफोड़, बंगाल से तीन गिरफ्तार     |   राघव चड्ढा को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ा झटका, अंतरिम राहत देने से इनकार     |   बेंगलुरु में KRV कार्यकर्ताओं का BEL सर्कल पर विरोध प्रदर्शन, हिंदी साइनबोर्ड तोड़ा     |   चढ़ावा चोरी मामला: SIT को जांच पूरी करने के लिए मिला 15 दिन का अतिरिक्त वक्त     |   घरेलू ATF की कीमत 1,15,000/किलोमीटर से घटाकर हुई ₹1,10,000/किलोमीटर     |  

पुणे के कोंढवा में क्लोरीन गैस लीक, 24 लोग अस्पताल में भर्ती

महाराष्ट्र के पुणे में गुरुवार देर रात क्लोरीन गैस लीक होने से हड़कंप मच गया। इस घटना में 22 स्थानीय लोग और दो फायर ब्रिगेड कर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। फायर अधिकारियों के मुताबिक, यह रिसाव कोंढवा इलाके के गंगाधाम क्षेत्र में एक बंद पड़े जल शुद्धिकरण संयंत्र के गोदाम से हुआ। रात करीब 1 बजे वहां रखे क्लोरीन से भरे एक पुराने टैंक से गैस लीक होने लगी। गैस फैलने के बाद आसपास के लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। आसपास के कई लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। फायर कर्मियों ने सुरक्षा उपकरणों की मदद से लीक हो रहे टैंक को बंद किया और स्थिति पर काबू पाया। इस दौरान कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। कुल 22 स्थानीय निवासी और दो फायर कर्मियों को सांस लेने में परेशानी होने पर अस्पताल ले जाया गया।

अधिकारियों के अनुसार, सभी प्रभावित लोगों की हालत अब खतरे से बाहर है और उन्हें ससून जनरल अस्पताल में निगरानी में रखा गया है। जानकारी के मुताबिक, जिस व्यक्ति ने पहले इस प्लांट को चलाया था, उसने प्लांट को हटा दिया था, लेकिन क्लोरीन वाला टैंक वहीं रह गया और उसकी देखरेख नहीं हो रही थी। प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि इसी लापरवाही के कारण टैंक में लीकेज हुआ और यह हादसा हुआ।