Breaking News

काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |   जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ तत्काल सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार     |   जंतर-मंतर पर CJP के प्रोटेस्ट के बीच दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद     |   राज्यसभा में जोरदार हंगामा, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस     |   दिल्ली में CJP प्रदर्शन को लेकर अब तक कुल 10 FIR दर्ज     |  

चेन्नई बार विवाद: कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, 18 वर्षीय युवती की मौत, 3 गिरफ्तार

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में एक दर्दनाक घटना में 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि उसकी 17 वर्षीय सहेली गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोप है कि कुछ युवकों ने उनकी दोपहिया वाहन का पीछा कर जानबूझकर कार से टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार तड़के कोयंबेडु फ्लाईओवर के पास हुई। हादसे में विलुप्पुरम जिले की रहने वाली 18 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों युवतियां अपने दोस्तों के साथ शनिवार रात कोयंबेडु इलाके के एक निजी बार में गई थीं। वहां उनका कुछ युवकों के साथ विवाद हो गया, जो बाद में मारपीट में बदल गया। बार के बाउंसरों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग कर दिया था। पुलिस के मुताबिक, बार से निकलने के बाद दोनों पक्षों के बीच फिर से बहस हुई। इसके बाद युवतियां दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर तिरुमंगलम की ओर रवाना हो गईं, जबकि दूसरा समूह कार में था।

जांच में सामने आया है कि रास्ते में कथित तौर पर कुछ युवतियों ने कार पर पत्थर फेंके। इससे नाराज होकर कार सवार युवकों ने दोपहिया वाहन का पीछा किया और तेज रफ्तार में उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवती की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 19 से 21 वर्ष के बीच बताई गई है। घटना में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। घटना की विस्तृत जांच जारी है।