Breaking News

मनी लॉन्ड्रिंग: ED ने पैनकार्ड क्लब्स और अन्य की ₹646.58 करोड़ की संपत्ति जब्त की     |   गाजियाबाद के इंदिरापुरम में आग लगने की घटना का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया     |   UP: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की     |   बीजेपी ने उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की नई प्रदेश टीम का ऐलान किया     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |  

गोरखपुर में सीएम योगी ने लगातार दूसरे दिन सुनीं 150 लोगों की समस्याएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न जिलों से आए करीब 150 लोगों ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी शिकायतें और समस्याएं रखीं। सीएम योगी ने सभी को भरोसा दिलाया कि सरकार हर व्यक्ति की समस्या का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने लोगों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समस्याओं के त्वरित और संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समस्याओं का समाधान पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए और किसी के साथ भेदभाव न हो।

पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने राजस्व और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों का जल्द निस्तारण करने को कहा।

सीएम योगी ने जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़े मामलों में भू-माफिया और दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को समय पर न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मदद का भरोसा

जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के उच्च स्तरीय इलाज का एस्टीमेट जल्द तैयार कराया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि एस्टीमेट उपलब्ध होने के बाद सरकार के विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।

गुरु पूजा के बाद सीएम योगी ने की गोसेवा

बुधवार को ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की 12वीं पुण्यतिथि भी थी। इस अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पूज्य गुरुदेव की समाधि स्थल पर विशेष पूजा-अर्चना की।

गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन करने और महंत अवेद्यनाथ जी की समाधि पर शीश झुकाने के बाद मुख्यमंत्री पारंपरिक दिनचर्या के अनुसार गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गायों और गोवंश को स्नेहपूर्वक गुड़ खिलाया। इस दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से आए संतजन भी गोशाला में मौजूद रहे।