
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित प्रेरणा स्थल पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं पर दीप जलाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रेरणा स्थल पर मौजूद छात्रों से बातचीत की। उन्होंने मोबाइल से वीडियो बनाया और छात्रों को चॉकलेट भी दी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा जयंती पर प्रदेशवासियों को भी बधाई दी।

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश विकसित भारत के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देशभर में करोड़ों दीप सकारात्मक भाव और ऊर्जा के साथ जलाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों और लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अभियान से जुड़े कर्मयोगी कार्यकर्ताओं, लाभार्थियों और नागरिकों का अभिनंदन किया।

भगवान विश्वकर्मा जयंती का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि का शिल्पी बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नए भारत का शिल्पी बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने अपनी नई पहचान बनाई है।

सीएम योगी के अनुसार, भारत नई पहचान, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ी है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद बृजलाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. लालजी निर्मल, विधान परिषद सदस्य डॉ. अविनाश सिंह, विधायक डॉ. नीरज बोरा और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
