
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत टैक्सी के पांच सारथियों को शेयर प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थियों को ऋण के चेक भी वितरित किए। कार्यक्रम में भारत टैक्सी और तीन प्रमुख संस्थाओं के बीच एमओयू का भी आदान-प्रदान हुआ।

मुख्यमंत्री ने भारत टैक्सी के सारथियों सुमनदीप कौर, अमित कुमार अग्रवाल, अमरीश सोनकर, शशांक पांडेय और पंकज कुमार वर्मा को शेयर प्रमाणपत्र प्रदान किए।

इसके अलावा मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत अनिल कुमार सिंह को 6 लाख रुपये, अंकुश कुमार को 5 लाख रुपये, अवधेश कुमार को 4.50 लाख रुपये, बाबूलाल राजपूत को 3 लाख रुपये और संजय को ऋण का चेक प्रदान किया गया।

इस अवसर पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सहकारिता विभाग जेपीएस राठौर ने मुख्यमंत्री को उत्तर प्रदेश राज्य भंडारण निगम के लाभांश के रूप में 2.69 करोड़ रुपये का चेक सौंपा।

भारत टैक्सी और तीन संस्थाओं के बीच एमओयू

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में भारत टैक्सी और तीन प्रमुख संस्थाओं के बीच एमओयू का आदान-प्रदान हुआ। भारत टैक्सी के सीईओ हिमांशु ने अडानी एयरपोर्ट लखनऊ के चीफ कमर्शियल ऑफिसर शिव मोहन सिंह, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) के मैनेजिंग डायरेक्टर सुशील कुमार और यातायात एवं सड़क सुरक्षा, लखनऊ के डीआईजी अरविंद कुमार मौर्य के साथ एमओयू का आदान-प्रदान किया।

ब्रजेश पाठक बोले- भारत टैक्सी से युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि सहकारिता विभाग गरीब, किसान और मध्यम वर्ग से जुड़े लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सहकारिता विभाग को नई दिशा मिली है और सहकारी बैंक लाभ की स्थिति में हैं।

ब्रजेश पाठक ने भारत टैक्सी को सहकारिता के क्षेत्र में एक पहल बताते हुए कहा कि इसमें अपनी गाड़ी, अपना ड्राइवर और अपनी कमाई की व्यवस्था होगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से भारत टैक्सी को सफल बनाने के लिए मिलकर प्रयास करने और स्वयं को इसका ब्रांड एंबेसडर बनाने का आह्वान किया।

लखनऊ समेत 5 शहरों में शुरू हुई भारत टैक्सी सेवा

केंद्रीय सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि लखनऊ के साथ गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर और प्रयागराज में भी भारत टैक्सी की सेवा शुरू हो रही है। उनके अनुसार, प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 50 हजार से अधिक लोग ऑनलाइन कार्यक्रम से जुड़े।

उन्होंने बताया कि पिछले छह महीनों में 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ड्राइवरों के खातों में पहुंच चुकी है। भारत टैक्सी वर्तमान में देश के करीब 15 शहरों में संचालित हो रही है। उत्तर प्रदेश के पांच शहरों के जुड़ने के साथ प्रदेश में अब तक करीब 40 हजार ड्राइवरों ने पंजीकरण कराया है।

यूपी में 42 हजार सहकारी समितियां

मुरलीधर मोहोल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में करीब 42 हजार सहकारी समितियां कार्यरत हैं। पैक्स के कंप्यूटरीकरण और ग्रामीण बैंकों के डिजिटलीकरण का काम भी आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भारत टैक्सी को मोबिलिटी के क्षेत्र में सहकारिता व्यवस्था से जोड़ने वाली पहल बताया।
