दिल्ली के जगतपुर एक्सटेंशन इलाके में यमुना नदी के किनारे झाड़ियों में शनिवार को 12 साल की एक लड़की का शव मिला। मृतक लड़की की मां के मुताबिक उनकी बेटी गुरुवार रात से लापता थी, जब वो पड़ोस में अपने पिता को ढूंढने गई थी। उस रात जब वह घर नहीं लौटी तो परिवार ने वज़ीराबाद पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना मिलने पर, पुलिस अधिकारी, फोरेंसिक टीम और दूसरे अधिकारी जांच शुरू करने के लिए मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच से पता चला कि लड़की के शरीर पर चोटें थीं। लड़की के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।