Breaking News

झारखंड में राज्यसभा चुनाव से पहले गरमाई सियासत, JMM ने EC को पत्र लिख जताई 'हॉर्स ट्रेडिंग' की आशंका     |   तमिलनाडु में वरिष्ठ IPS अधिकारियों का फेरबदल, टीएस अन्बू ADGP लॉ & ऑडर नियुक्त     |   JK: रोपवे रुकने से हवा में अटके 200 से ज्यादा पर्यटकों को बचाया, रेस्क्यू जारी     |   भारत मौसम विज्ञान विभाग ने तेलंगाना के कई जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया     |   बिहार के सीएम सम्राट चौधरी को दिल्ली में कामराज लेन स्थित बंगला नंबर 6 आवंटित     |  

भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बिहार मंडप को ‘स्वर्ण’ पुरस्कार

बिहार मंडप को 43वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में उसके असाधारण डिजाइन, विषयगत प्रस्तुति और स्थिरता के प्रदर्शन के लिए बुधवार को प्रतिष्ठित ‘स्वर्ण’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह दिल्ली के भारत मंडपम के एम्फीथिएटर, म्यूजिकल फाउंटेन (हॉल- वन के पास) में हुआ।

मंडप का उद्घाटन बिहार के उद्योग और पर्यटन मंत्री नीतीश मिश्रा ने किया था। उन्होंने इसकी अनूठी थीम ‘विकसित भारत @ 2047 के तहत विकसित बिहार’ के जरिए राज्य की प्रगतिशील रफ्तार के बारे में बताया।

बिहार सरकार के उद्योग विभाग की सचिव बंदना प्रेयसी ने कहा कि आईआईटीएफ-2024 में बिहार मंडप को पहचान मिलना राज्य के लिए गौरव का क्षण है।

इस मंडप में 75 स्टॉल (दुकान) लगे थे। मंडप में बिहार की पारंपरिक कलाओं, टिकाऊ औद्योगिक प्रथाओं और दूरदर्शी विकास पहल का व्यापक मिश्रण पेश किया गया। बिहार मंडप में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना और स्टार्टअप बिहार जैसी राज्य की खास पहल की झलक पेश की गई। इसमें उद्यमिता और नवाचार को दिखाया गया। 43वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला 2024 में 3,500 से ज्यादा प्रदर्शकों ने हिस्सा लिया। इनमें नौ विदेशी प्रदर्शकों के साथ ही 33 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश शामिल थे।