Breaking News

मुंबई में BEST बस से टकराया टैंकर, 4 यात्री घायल     |   यूपी के हरदोई में मिलावट के शक में 38 हजार लीटर दूध जब्त     |   यूपी पशुपालन भर्ती घोटाले में रिटायर्ड IAS योगेश कुमार गिरफ्तार, सपा सरकार में थे प्रमुख सचिव     |   जौहर ट्रस्ट से जुड़ी वित्तीय गड़बड़ियों में आजम खान के खिलाफ ED ने दर्ज की FIR     |   नई दिल्ली से पटना के बीच चलेगी वंदे मातरम ट्रेन, रेलवे ने जारी किया शेड्यूल     |  

भारतीय हॉकी टीम की जर्सी का रंग बदलने पर BJD का हमला, 'नीला रंग भी भारत की राष्ट्रीय पहचान'

भारतीय हॉकी टीम की जर्सी का रंग नीले से भगवा किए जाने की खबरों को लेकर ओडिशा की सत्तारूढ़ बीजेपी सरकार और केंद्र पर बीजू जनता दल (BJD) ने निशाना साधा है। BJD प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने जर्सी का रंग बदलने के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अगर भगवा रंग को राष्ट्रीय ध्वज का हिस्सा होने की वजह से सही ठहराया जा रहा है, तो नीला रंग भी भारत की राष्ट्रीय पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

लेनिन मोहंती ने कहा, "कल हमें पता चला कि जर्सी का रंग नीले से बदलकर भगवा या जैसा कि आप कहते हैं, नारंगी कर दिया गया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। जब वे कहते हैं कि भगवा राष्ट्रीय ध्वज का हिस्सा है, तो नवीन पटनायक पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि नीला रंग भी हमारे राष्ट्रीय ध्वज का हिस्सा है।"

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने खेल संस्थाओं और केंद्र सरकार पर जर्सी का रंग बदलने के लिए दबाव बनाया। उन्होंने कहा कि जर्सी का रंग बदलने के बजाय सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भारतीय हॉकी का स्तर पहले जैसा बना रहे या उसमें और सुधार हो। मोहंती ने पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली ओडिशा सरकार की ओर से भारतीय हॉकी टीम को दिए गए 10 साल के प्रायोजन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस दौरान खिलाड़ियों और हॉकी इंडिया को खेल पर ध्यान केंद्रित करने के लिए जरूरी स्थिरता और सुविधाएं मिलीं।

उन्होंने कहा कि जब देश में हॉकी का स्तर धीरे-धीरे गिर रहा था, तब नवीन पटनायक सरकार ने पर्याप्त फंड उपलब्ध कराया, आधुनिक सुविधाएं विकसित कीं और नई तकनीक को बढ़ावा दिया। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप भारत ने ओलंपिक पदक भी जीता। लेनिन मोहंती ने कहा कि नवीन पटनायक ने भारतीय हॉकी टीम की स्पॉन्सरशिप शुरू की थी और ओडिशा ने 10 साल तक टीम को प्रायोजित किया। इससे खिलाड़ियों और हॉकी इंडिया को खेल पर ध्यान देने में मदद मिली।

इससे पहले गुरुवार को BJD अध्यक्ष और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी जर्सी का रंग बदलने की खबर पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा कि दशकों से नीला रंग भारतीयों को उम्मीद, जीत, हार और खेल भावना के साथ जोड़ता रहा है। नवीन पटनायक ने कहा कि नीली जर्सी पहनकर भारतीय टीम ने दुनिया के मंच पर ओलंपिक पदक जीते हैं और राष्ट्रगान के साथ देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि नीला रंग हमारे राष्ट्रीय ध्वज में मौजूद अशोक चक्र से जुड़ा है और यह राष्ट्रीय गौरव और पहचान का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि भारतीयों के लिए नीली जर्सी उतनी ही खास है, जितनी अर्जेंटीना के लिए उसकी प्रतिष्ठित धारियां और ब्राजील के लिए पीली जर्सी। उन्होंने जर्सी का रंग बदलने को भारत की खेल विरासत को मिटाने की कोशिश बताया और कहा कि राष्ट्रीय प्रतीक लोगों को जोड़ने के लिए होते हैं, बांटने के लिए नहीं।