Breaking News

मनी लॉन्ड्रिंग: ED ने पैनकार्ड क्लब्स और अन्य की ₹646.58 करोड़ की संपत्ति जब्त की     |   गाजियाबाद के इंदिरापुरम में आग लगने की घटना का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया     |   UP: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की     |   बीजेपी ने उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की नई प्रदेश टीम का ऐलान किया     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |  

अयोध्या के राजकीय पुस्तकालय का होगा कायाकल्प, 3.23 करोड़ रुपये से विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं

अयोध्या में सिविल लाइंस स्थित राजकीय पुस्तकालय के कायाकल्प का काम शुरू हो गया है। करीब 3.23 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस विकास कार्य का नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। अयोध्या विकास प्राधिकरण की ओर से कराए जा रहे इस निर्माण कार्य को नौ महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना के लिए आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की ओर से वित्त पोषण किया जा रहा है, जबकि निर्माण की जिम्मेदारी मेसर्स प्रिज्म कंस्ट्रक्शन को सौंपी गई है।

कायाकल्प परियोजना के तहत पुस्तकालय परिसर में नई गैलरी और हॉल का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही पाठकों और विद्यार्थियों की सुविधा के लिए आधुनिक व्यवस्थाएं और डिजिटल संसाधन भी विकसित किए जाएंगे। पुस्तकालय में फिलहाल करीब 60 हजार पुस्तकें उपलब्ध हैं, जिनमें साहित्य, इतिहास समेत विभिन्न विषयों से जुड़ी कई दुर्लभ पुस्तकें भी शामिल हैं। ऐसे में पुस्तकालय के आधुनिक रूप में विकसित होने से इन पुस्तकों के संरक्षण के साथ पाठकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

कायाकल्प के बाद विद्यार्थियों, शोधार्थियों और अन्य पाठकों के लिए पुस्तकालय में अधिक जगह उपलब्ध होगी और उन्हें बेहतर अध्ययन का वातावरण मिलेगा। नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि विकास कार्य के दौरान पुस्तकालय की ऐतिहासिक और पुरानी धरोहर को सुरक्षित रखने का पूरा ध्यान रखा जाएगा। आधुनिक सुविधाओं के साथ दुर्लभ पुस्तकों का संरक्षण किया जाएगा, जिससे आने वाली पीढ़ियों को भी इनका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय के विकास से ज्ञान के प्रसार को बढ़ावा मिलेगा और विद्यार्थियों व शोधार्थियों के लिए यह स्थान और अधिक उपयोगी बन सकेगा।