Breaking News

नेपाल में 4,250 लोग अब भी लापता, छठे दिन भी तलाश जारी     |   सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस: शामली में पीड़ित परिवार से मिले जयंत चौधरी     |   UP: सीएम योगी ने हापुड़ हादसे का संज्ञान लिया, घायलों के तुरंत इलाज के निर्देश दिए     |   जोमैटो ने एनालॉग डिशेज की बिक्री पर ज़ीरो-टॉलरेंस पॉलिसी की घोषणा की     |   अमेरिका ने होर्मुज में माइन थ्रेट के बीच ईरान के लारक द्वीप पर हमला किया     |  

असम: हिमंता बिस्वा सरमा बुधवार को दे सकते हैं इस्तीफा

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा बुधवार को राज्यपाल से मुलाकात करके उन्हें अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं, जिससे नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त होगा। सरमा ने कहा कि चुनाव परिणाम आधिकारिक तौर पर राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को सौंपे जाने के बाद वह उनसे मुलाकात करेंगे। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी बुधवार सुबह आचार्य को अंतिम परिणाम सौंपने वाले हैं। राज्य विधानसभा की 126 सीट में से 102 सीट जीतकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगा। बीजेपी को 82 सीट पर जीत मिली, जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने 10-10 सीट पर जीत हासिल की।

चुनाव से पहले सरमा को सत्ताधारी गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किया गया था। उन्होंने कहा, "परिणाम राज्यपाल को सौंपे जाने के बाद मैं उनसे मिलूंगा और अपना इस्तीफा दे दूंगा। इससे नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त होगा।" सरमा ने कहा कि विधायक दल के नेता के चयन के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक और सह-पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किए गए जे. पी. नड्डा और नायब सिंह सैनी के निर्देशों के अनुसार नव निर्वाचित बीजेपी विधायकों की बैठक बुलाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, "मैं नड्डा से बात करूंगा और उनके द्वारा तय की गई तारीख के अनुसार विधायकों को बुलाऊंगा।" उन्होंने कहा, "इसके साथ ही सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।" सरमा ने कहा कि नई विधानसभा में विपक्ष के नेता का पद शायद न हो, क्योंकि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस के पास 19 विधायक हैं, जबकि उस पद को पाने के लिए किसी पार्टी के कम से कम 22 विधायकों की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा, "अत: संवैधानिक मानदंडों के अनुसार, विपक्ष का कोई नेता नहीं होगा। लेकिन सभी दलों के अपने-अपने विधायक दल के नेता होंगे।"