केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 22 सितंबर को नई दिल्ली में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। दो दिवसीय यह सम्मेलन 22 और 23 सितंबर को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की ओर से आयोजित किया जा रहा है। इसमें नारकोटिक्स कंट्रोल विजन डॉक्यूमेंट (2026-2029) के लक्ष्यों को हासिल करने पर चर्चा होगी।
36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ANTF प्रमुख होंगे शामिल
गृह मंत्रालय के अनुसार, सम्मेलन में 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के एएनटीएफ प्रमुखों के साथ संबंधित सरकारी विभागों और अन्य हितधारकों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। सम्मेलन की थीम 'एकजुट संकल्प, साझा जिम्मेदारी' रखी गई है।
इस दौरान ड्रग तस्करी और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग से निपटने के लिए विभिन्न राज्यों और एजेंसियों की ओर से किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही, नारकोटिक्स कंट्रोल विजन डॉक्यूमेंट (2026-29) में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की एएनटीएफ इकाइयों को दिए गए लक्ष्यों की प्रगति पर भी विचार-विमर्श होगा।
ड्रग्स की सप्लाई और मांग कम करने पर चर्चा
सम्मेलन में केंद्र सरकार की सप्लाई रिडक्शन, डिमांड रिडक्शन और हार्म रिडक्शन से जुड़ी रणनीतियों को मजबूत करने के लिए उचित उपायों पर चर्चा की जाएगी। विजन डॉक्यूमेंट के चार रणनीतिक स्तंभों के आधार पर सम्मेलन में आठ तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें कानून प्रवर्तन, खुफिया जानकारी और ऑपरेशन, प्रीकर्सर एवं सिंथेटिक ड्रग्स नियंत्रण, मांग में कमी और नुकसान कम करने के उपाय तथा क्षमता निर्माण और समन्वय शामिल हैं।
इन 8 तकनीकी सत्रों में होगी चर्चा
सम्मेलन में निम्नलिखित विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे:
-
नारकोटिक्स कंट्रोल विजन डॉक्यूमेंट (2026-2029): संस्थागत तंत्र।
-
नेटवर्क कड़ियों और ड्रग कार्टेल को खत्म करना (भाग-1)।
-
मांग में कमी, रोकथाम और पुनर्वास।
-
नेटवर्क कड़ियों और कार्टेल को खत्म करना (भाग-2)।
-
कानून प्रवर्तन की प्रभावशीलता बढ़ाना।
-
प्रीकर्सर, सिंथेटिक ड्रग्स और क्लैंडेस्टाइन लैब्स।
-
अवैध खेती का विनाश और वैकल्पिक फसलें।
-
डार्कनेट और क्रिप्टो जांच।
लखनऊ और देहरादून में NCB परिसरों की रखी जाएगी आधारशिला
सम्मेलन के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ड्रग्स के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए टेलीविजन विज्ञापन (TVCs) जारी करेंगे। इसके अलावा लखनऊ और देहरादून में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) जोन के नए परिसरों की आधारशिला भी रखेंगे। कार्यक्रम में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली एएनटीएफ इकाई को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, एनसीबी की नई वेबसाइट भी लॉन्च की जाएगी।
ड्रग्स के खिलाफ साझा प्रयास पर जोर
गृह मंत्रालय के अनुसार, सम्मेलन में केंद्र, राज्यों और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। चर्चा से अगले तीन वर्षों में देशभर में ड्रग तस्करी से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए ठोस रणनीतियां तैयार करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इस आयोजन का उद्देश्य एनसीबी और राज्य व केंद्र शासित प्रदेशों की एएनटीएफ इकाइयों के बीच भविष्य के लिए तैयार साझेदारी को मजबूत करना और ड्रग्स मुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में काम करना है।