Akshaye Khanna: अभिनेता अक्षय खन्ना जल्द ही फिल्म ‘महाकाली’ में एक दमदार और खतरनाक अवतार में नजर आने वाले हैं। फिल्म के मेकर्स ने अक्षय खन्ना के किरदार शुक्राचार्य की पहली झलक जारी कर दी है। करीब तीन मिनट के टीजर ‘शुक्राचार्यज वॉर क्राई’ में फिल्म की दुनिया और कहानी की झलक दिखाई गई है। टीजर में धर्म और अधर्म की शक्तियों के बीच होने वाले संघर्ष की कहानी को दिखाया गया है। इस संघर्ष के केंद्र में असुरों के गुरु शुक्राचार्य हैं, जिनका किरदार अक्षय खन्ना निभा रहे हैं।
अक्षय खन्ना का लुक बेहद दमदार और लगभग पहचान में न आने वाला है। टीजर में उन्हें शुक्राचार्य के रूप में एक शक्तिशाली किरदार में दिखाया गया है, जो फिल्म में होने वाले युद्ध में अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। इससे पहले पिछले सप्ताह मेकर्स ने अक्षय खन्ना का शुक्राचार्य के रूप में पूरा लुक जारी किया था, जिसे दर्शकों की ओर से काफी पसंद किया गया। फिल्म के जरिए अक्षय खन्ना प्रशांत वर्मा के निर्देशन में तेलुगु सिनेमा में डेब्यू कर रहे हैं।
शुक्राचार्य के लुक में अक्षय खन्ना लंबी सिल्वर-व्हाइट दाढ़ी, गंभीर आंखों, जटाओं को जूड़े में बांधे और माथे पर पारंपरिक तिलक लगाए नजर आए। उनका यह अवतार सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहा। फिल्म की झलक में श्रीया रेड्डी भी नजर आती हैं। इसके अलावा फिल्म के भव्य विजुअल्स और बड़े स्तर पर तैयार किए गए युद्ध के दृश्यों की झलक भी देखने को मिलती है।
‘महाकाली’ फिल्ममेकर प्रशांत वर्मा के सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत फिल्म ‘हनु-मैन’ से हुई थी। फिल्म का निर्देशन पूजा अपर्णा कोल्लुरु कर रही हैं। इसमें अक्षय खन्ना और श्रीया रेड्डी के अलावा भूमि शेट्टी, रोहित सराफ समेत कई कलाकार नजर आएंगे। 14 जुलाई को मेकर्स ने बताया था कि फिल्म की शूटिंग अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। फिल्म की 125 दिनों की शूटिंग पूरी हो चुकी है। ‘महाकाली’ को आरके दुग्गल प्रस्तुत कर रहे हैं और रिवाज रमेश दुग्गल आरकेडी स्टूडियोज के बैनर तले फिल्म का निर्माण कर रहे हैं। यह फिल्म 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।