Breaking News

नेपाल के NDRRMA ने भोटेकोशी नदी में बाढ़ की स्थिति को लेकर हाई अलर्ट जारी किया     |   चीन: शी जिनपिंग ने तिब्बत में भूस्खलन के बाद राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की     |   नेपाल बाढ़: प्रधानमंत्री और मंत्रियों की एक महीने की सैलरी आपदा कोष में जमा होगी     |   नेपाल से आई बड़ी खुशखबरी! त्रिशूली हाइड्रो प्रोजेक्ट साइट से रेस्क्यू किए गए 350 मजदूर     |   नेपाल में त्रिशूली हाइड्रोपावर टनल में फंसे 350 मजदूरों का रेस्क्यू, कई भारतीय भी शामिल     |  

अहमदाबाद ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, एक घंटे में लगाए 3.61 लाख पौधे

अहमदाबाद ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल की है। अहमदाबाद नगर निगम (AMC) ने एक घंटे में 3.61 लाख पौधे लगाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। यह पौधारोपण अभियान भाडज क्षेत्र में मियावाकी पद्धति से चलाया गया। करीब 76 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में आयोजित इस अभियान में 25 हजार से अधिक स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया।

अभियान के दौरान 35 तरह की देशी प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इसका उद्देश्य शहर में हरियाली बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और सतत विकास को मजबूत करना है। यह अभियान गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में 1.25 करोड़ और अहमदाबाद नगर निगम क्षेत्र में 50 लाख पौधे लगाने के बड़े लक्ष्य का हिस्सा है।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, राज्य भाजपा अध्यक्ष, शहरी विकास मंत्री, महापौर, मुख्य सचिव, नगर आयुक्त समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पौधारोपण अभियान में नगर निगम के कर्मचारी, स्कूल बोर्ड के प्रतिनिधि, बीएपीएस (BAPS) के स्वयंसेवक, क्रेडाई (CREDAI) के सदस्य, पुलिसकर्मी, एनसीसी कैडेट, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।

अहमदाबाद नगर निगम का कहना है कि यह केवल एक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड नहीं, बल्कि शहर को हरा-भरा, स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। देशी पौधों के उपयोग से शहरी जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा और आने वाली पीढ़ियों को बेहतर पर्यावरण मिल सकेगा।