Breaking News

दिल्ली में CJP प्रदर्शन को लेकर अब तक कुल 10 FIR दर्ज     |   आज कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करेगी बीजेपी, राहुल के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन की तैयारी     |   लगातार बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा रोकी गई     |   यूपी भाजपा आज प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर बूथ सम्मेलन आयोजित करेगी     |   सिक्किम लैंडस्लाइड में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 20 हुआ, 5 फंसे लोगों को बचाने की कोशिश जारी     |  

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर हादसा, खाई में गिरी कार, SDRF और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के देवप्रयाग क्षेत्र में ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार गहरी खाई में गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि श्रीनगर, ब्यासी और ढालवाला से SDRF की तीन टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं। देवप्रयाग पुलिस और स्थानीय राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद है। फिलहाल वाहन और उसमें सवार लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

इससे पहले उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी क्षेत्र के गंगनानी के पास एक कार गहरी खाई में गिर गई थी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। SDRF के अनुसार, घटना की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष (DCR) से मिलने के बाद भटवाड़ी और उजेली पोस्ट की टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया। बचाव दल ने कठिन परिस्थितियों और अंधेरे के बावजूद खाई में उतरकर सभी घायलों को बाहर निकाला। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, एक सप्ताह पहले रुद्रप्रयाग जिले के सोनप्रयाग क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि नेपाली मूल का एक व्यक्ति घायल हो गया था।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, सोनप्रयाग के हनुमान मंदिर के पास पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक ढह गया था, जिससे वहां मौजूद दो लोग मलबे की चपेट में आ गए। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक स्थानीय निवासी को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।