Breaking News

G20 को बाजारों को राजनीति से मुक्त करने की दिशा में काम करना चाहिए: जयशंकर     |   आंध्र प्रदेश नगर निकाय चुनाव, कडप्पा में आज होगा मतदान     |   रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली आज     |   जापान में भूकंप के तेज झटके; दर्ज की गई 6.0 की तीव्रता     |   दिल्ली में INDIA गठबंधन रैली से पहले रामलीला मैदान के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम     |  

अहमदाबाद के पास बुलेट ट्रेन परियोजना स्थल पर दुर्घटना, कई ट्रेनें रद्द

अहमदाबाद के पास बुलेट ट्रेन परियोजना स्थल पर निर्माण के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला 'सेगमेंटल लॉन्चिंग गैंट्री' दुर्घटनावश अपनी जगह से हट गया जिसकी वजह से समीपवर्ती रेलवे लाइन पर कई ट्रेनों की आवाजाही बाधित हुई। अधिकारियों ने सोमवार को ये जानकारी दी। राष्ट्रीय हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने बताया कि ये हादसा रविवार रात करीब 11 बजे वटवा में हुआ। हालांकि, इसमें कोई हताहत नहीं हुआ और न ही पहले से बने हुए ढांचे को कोई नुकसान पहुंचा। 

अहमदाबाद रेलवे मंडल के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना के कारण कम से कम 25 ट्रेनों को रद्द कर दिया है और 15 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया। इसके अलावा, पांच ट्रेनों का समय पुनर्निर्धारित किया गया और छह ट्रेनों के मार्ग बदल दिए गए। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित रेलवे लाइन से ‘गैंट्री’ हटाने का प्रयास जारी है ताकि ट्रेनों की आवाजाही बहाल की जा सके। 

एनएचएसआरसीएल के एक अधिकारी ने बताया कि क्रेनों की मदद से रेलमार्गो की बहाली का कार्य किया जा रहा है। एनएचएसआरसीएल के बयान के अनुसार, "कल रात करीब 11 बजे वटवा (अहमदाबाद के पास) में निर्माण के लिए इस्तेमाल की जा रही एक 'सेगमेंटल लॉन्चिंग गैंट्री', कंक्रीट गर्डर लॉन्चिंग पूरी करने के बाद पीछे हट रही थी। इसी दौरान हादसा हुआ।" 

बयान में आगे कहा गया, "इस घटना से पास की रेलवे लाइन प्रभावित हुई है। एनएचएसआरसीएल के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौके पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और बने हुए ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।" 

अहमदाबाद रेलवे मंडल के एक अधिकारी के अनुसार, इस घटना से वटवा और अहमदाबाद स्टेशनों के बीच डाउन लाइन पर रेल यातायात प्रभावित हुआ। रद्द की गई ट्रेनों में वटवा-बोरीवली एक्सप्रेस, अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस, वडोदरा-वटवा इंटरसिटी, अहमदाबाद-वलसाड गुजरात क्वीन, जामनगर-वडोदरा इंटरसिटी, वडनगर-वलसाड-वडनगर एक्सप्रेस और वटवा-आनंद मेमू शामिल हैं। अहमदाबाद-मजीठिया चेन्नई सेंट्रल हमसफर एक्सप्रेस, राजकोट-सिकंदराबाद एक्सप्रेस और कुछ अन्य ट्रेनों को पुनर्निर्धारित किया गया है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों की मदद के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।