अयोध्या में दीपोत्सव-2026 से पहले योगी सरकार ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों को खास सौगात दी है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने एक दिवसीय 'अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल' टूर पैकेज शुरू किया है। इसके तहत श्रद्धालु गाइड के साथ करीब छह घंटे में रामनगरी के प्रमुख मंदिरों, घाटों और धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे। यह यात्रा 1 नवंबर से शुरू होगी। इस पैकेज के तहत रोजाना दो बैच चलाए जाएंगे। पहला बैच सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक और दूसरा दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक संचालित होगा।
14 कोसी परिक्रमा मार्ग से जुड़े स्थलों के होंगे दर्शन
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि अयोध्या की धार्मिक परंपराओं में 14 कोसी परिक्रमा का विशेष महत्व है। श्रद्धालु इसे आस्था और भक्ति के प्रतीक के रूप में पूरा करते हैं। 'अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल' के जरिए सरकार इस आध्यात्मिक अनुभव को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना चाहती है। उन्होंने कहा कि इस पहल से रामायण सर्किट में अयोध्या की महत्ता और मजबूत होगी।
इन प्रमुख स्थलों का कराया जाएगा भ्रमण
यह यात्रा अयोध्या के लता मंगेशकर चौक से शुरू होगी। यहां से पर्यटकों को सबसे पहले रामायण वैक्स म्यूजियम ले जाया जाएगा। यहां भगवान श्रीराम, माता सीता और रामायण के अन्य पात्रों की मोम से बनी प्रतिमाएं देखने को मिलेंगी।
इसके बाद पर्यटकों को सूर्य कुंड, गिरिजा कुंड और पंचमुखी महादेव मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा में गुप्तार घाट, झुनकी घाट, लक्ष्मण किला, शेषावतार मंदिर, स्वर्गद्वार, राम की पैड़ी और नागेश्वरनाथ मंदिर भी शामिल हैं। इस दौरान गाइड पर्यटकों को इन स्थानों के इतिहास, धार्मिक महत्व और उनसे जुड़े पौराणिक प्रसंगों की जानकारी देंगे।
सरयू आरती के साथ पूरी होगी यात्रा
छह घंटे की इस आध्यात्मिक यात्रा का समापन सरयू आरती के साथ होगा। सरयू तट पर दीप प्रज्ज्वलन, पूजा-अर्चना और भक्ति गीतों के बीच मां सरयू की आरती की जाएगी। इसके बाद पर्यटकों को वापस लता मंगेशकर चौक पहुंचाया जाएगा।
एसी वाहन और गाइड की मिलेगी सुविधा
पैकेज में सभी स्थलों तक आने-जाने के लिए एसी वाहन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ स्थानीय टूर गाइड या कोऑर्डिनेटर भी रहेंगे। हालांकि, इसमें होटल में ठहरने और भोजन की व्यवस्था शामिल नहीं है।
इच्छुक पर्यटक यूपीएसटीडीसी की आधिकारिक वेबसाइट upstdc.co.in पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा 8130966118 नंबर पर संपर्क करके भी जानकारी और बुकिंग की जा सकती है।
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए भी सुविधाजनक
यूपीएसटीडीसी के अध्यक्ष अमृत अभिजात ने बताया कि इस पैकेज को इस तरह तैयार किया गया है कि पर्यटक एक ही दिन में शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर सकें। यह यात्रा खासतौर पर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए उपयोगी होगी, जिन्हें लंबी धार्मिक यात्रा करने में परेशानी होती है। इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं की आध्यात्मिक यात्रा को आसान और आरामदायक बनाना है। साथ ही पर्यटकों को अयोध्या की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना भी है।