Breaking News

प्रयागराज में कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा नदी में डुबकी     |   महाराष्ट्र में अज्ञात व्यक्ति ने दुरंतो एक्सप्रेस के A2 कोच पर पत्थर फेंके     |   दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के आसपास AQI 201 दर्ज     |   काशी में मनाई जाएगी देव दीपावली, गंगा घाट 11 लाख दीयों से जगमगाएंगे     |   कांग्रेस और सपा के बीच सीट शेयरिंग पर होगी दूसरे दौर की वार्ता     |  

उत्तराखंड की 5.23 लाख महिलाओं को मिलेगा 20 हजार रुपये का लाभ, दिसंबर में शुरू होगी बैणी-भुली योजना

उत्तराखंड की ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार नई पहल करने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि दिसंबर में 'बैणी-भुली योजना' की शुरुआत होगी। इसके तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 5.23 लाख पात्र महिलाओं को कुल 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

योजना के तहत पहली किस्त के रूप में दिसंबर में महिलाओं के बैंक खातों में 10 हजार रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे। बाकी 10 हजार रुपये दूसरी किस्त में दिए जाएंगे। सरकार पहली किस्त के लिए राज्य के खजाने से 523 करोड़ रुपये जारी करेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की हर बेटी को शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें, साथ ही महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें।

ग्रामीण विकास मंत्री भारत सिंह चौधरी ने बताया कि इस योजना का लाभ स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाएं खेती, पशुपालन, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के जरिए गांव की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रही हैं। सरकार आर्थिक सहायता और बेहतर आजीविका के अवसर देकर उनके काम को आगे बढ़ाना चाहती है।

मंत्री ने बताया कि महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार कई योजनाएं चला रही है। इनमें समान नागरिक संहिता लागू करना और शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता, स्वास्थ्य व खेल के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास शामिल हैं।

ग्रामीण विकास विभाग महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाने के लिए भी विभिन्न कार्यक्रम चला रहा है। इसके साथ ही स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और मार्केटिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि महिलाएं अपना व्यवसाय आगे बढ़ा सकें।

भारत सिंह चौधरी ने कहा कि बैणी-भुली योजना से ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ेगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी। वहीं, शहरी महिलाओं को भी योजना का लाभ देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार उनके लिए जल्द ही अलग योजना लेकर आएगी।