Breaking News

एशियन गेम्स 2026: भारत की स्टार बॉक्सर लवलीना ने चीन को हराकर जीता गोल्ड     |   एशियन गेम्स 2026: रिकर्व मिक्स्ड तीरंदाजी टीम ने जीता सिल्वर     |   राजघाट पहुंचे PM मोदी, महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि     |   अमरावती, महाराष्ट्र: ट्रक और पिकअप की टक्कर में 7 की मौत, 19 घायल     |   दिल्ली से कैंचीधाम जा रही तेज रफ्तार ट्रैवलर बस पलटी, 6 से ज्यादा श्रद्धालु घायल     |  

बेमौसम बारिश-ओलावृष्टि से 2.49 लाख हेक्टेयर रबी फसलें प्रभावित: शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से कई राज्यों में करीब 2.49 लाख हेक्टेयर में खड़ी रबी की फसलें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। एजेंसियां वास्तविक नुकसान का आकलन लगा रही हैं। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में ‘उन्नत कृषि मेला’ के शुभारंभ से पहले चौहान ने कहा, ‘‘फसलों को हुए नुकसान का आकलन अभी जारी है। इसका आकलन तीन अलग-अलग विभाग लगा रहे हैं।’’

उन्होंने बताया कि सबसे अधिक नुकसान गेहूं की फसल को हुआ है। इसके बाद बागवानी फसलों को क्षति पहुंची है। 2.49 लाख हेक्टेयर का आंकड़ा आठ अप्रैल तक की रिपोर्ट पर आधारित है। चौहान ने किसानों को भरोसा दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार इस संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने मंत्रालय के अधिकारियों को प्रभावित राज्यों में फसल को पहुंचे नुकसान की व्यापक समीक्षा करने और राज्य सरकारों के साथ समन्वय कर जमीनी स्तर की जानकारी जुटाने के पांच अप्रैल को निर्देश दिए थे। उन्होंने प्रभावित राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ भी बैठक की।

इससे पहले भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने आगाह किया था कि सात अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 10 अप्रैल तक भारी बारिश के साथ ही गरज के साथ छींटे पड़ने और ओलावृष्टि होने के आसार हैं।