दिल्ली में NDA के मुख्यमंत्री-उप मुख्यमंत्रियों की आज मीटिंग होने वाली है। इसमें बीजेपी सहित एनडीए गठबंधन में शामिल पार्टियों के सीनियर नेता मौजूद रहेंगे। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए अभिनंदन प्रस्ताव पास किया जाएगा। PM मोदी के प्रधानमंत्री के तौर पर 12 साल पूरे हुए हैं। उनके अब तक के कार्यकाल की उपलब्धियों को बीजेपी लोगों के सामने रख रही है और उपलब्धियों का जश्न भी मना रही है। आज नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर बने रहने वाले प्रधानमंत्री बन गए है। उन्होंने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रेकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।
नेहरू पहली बार 1952 में आम चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री बने थे। 1947 से 1952 तक का उनका कार्यकाल अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में था, क्योंकि उस समय तक चुनावी व्यवस्था पूरी तरह स्थापित नहीं हुई थी और चुनाव नहीं कराए गए थे। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का कुल कार्यकाल लगभग 14 वर्षों का रहा, लेकिन वह लगातार नहीं था। प्रधानमंत्री मोदी का लगातार 12 साल का कार्यकाल हो गया है।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, दिल्ली BJP अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, संगठन महासचिव पवन राणा और सांसद बांसुरी स्वराज की मौजूदगी में झंडेवाला मंदिर में पूजा-आरती भी की। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को बीजेपी मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में NDA सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि संकल्प से सिद्धि तक 12 वर्षों में भारत ने विकास और आत्मनिर्भरता का नया अध्याय लिखा है। मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत @2047 की ओर देश दृढ़ता से अग्रसर है।
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि 12 वर्ष पूर्व माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेकर सेवा, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखकर एक नए युग का सूत्रपात किया था। उन्होंने कहा कि भारत आज 21वीं सदी की बड़ी शक्ति बन रहा है, देशवासियों में विश्वास बढ़ा था। सबके साथ मिलकर देश को विकसित करने की मुहिम तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में हर वर्ग की भलाई के लिए काम किया गया है। इसी प्रेरणा के साथ हम सभी विकसित भारत 2047 के सामूहिक स्वप्न को साकार करने के लिए अपने सामूहिक प्रयासों के साथ पूर्ण रूप से संकल्पित है।