Breaking News

दिल्ली के करोल बाग में बिल्डिंग गिरी, एक शख्स की मौत, तीन घायल     |   अलास्का में 8 लोगों को ले जा रहा चार्टर प्लेन क्रैश, रेस्क्यू मिशन के बाद मिला मलबा     |   विदेश मंत्री जयशंकर आज बिहार के CM सम्राट चौधरी से करेंगे मुलाकात, दुबई में फंसे छात्रों पर होगी चर्चा     |   पूर्व भारतीय क्रिकेटर जैकब मार्टिन 22 साल पुराने केस में बरी     |   CM योगी ने लखनऊ में अपने आवास पर जापान के यामानाशी प्रांत के गवर्नर संग बैठक की     |  

दिल्ली में बढ़ते H1N1 मामलों पर अलर्ट, जेपी नड्डा ने तैयारियों की समीक्षा की

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने शुक्रवार को देश में H1N1 इन्फ्लुएंजा (स्वाइन फ्लू) की मौजूदा स्थिति और तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में खास तौर पर दिल्ली की स्थिति पर चर्चा की गई। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डी. पंकज कुमार सिंह भी बैठक में मौजूद रहे। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, जेपी नड्डा ने देश में इन्फ्लुएंजा की निगरानी, महामारी संबंधी स्थिति, ILI (इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी) और SARI (गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण) के मामलों के रुझान, जांच और लैब निगरानी की समीक्षा की।

उन्होंने अस्पतालों में मौसमी इन्फ्लुएंजा के मरीजों के इलाज की तैयारियों का भी जायजा लिया। नड्डा ने अधिकारियों को सतर्कता बनाए रखने, मजबूत निगरानी व्यवस्था और समय रहते जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इन्फ्लुएंजा के मामलों के रुझान पर लगातार नजर रखने पर जोर दिया। बैठक में दिल्ली के अस्पतालों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इसमें अस्पतालों में बेड, क्रिटिकल केयर सुविधाओं और जरूरी चिकित्सा सामान की उपलब्धता पर चर्चा हुई।

यह समीक्षा ऐसे समय में हुई है जब दिल्ली में स्वाइन फ्लू के मामलों में बढ़ोतरी की खबरें सामने आई हैं। राजधानी में उमस और बदलते मौसम के बीच स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ी हैं। मौसम में तापमान के उतार-चढ़ाव और अधिक नमी के कारण मौसमी श्वसन संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ सकता है।स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को फ्लू जैसे लक्षणों के प्रति सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह लेने की अपील की है।

H1N1, जिसे आमतौर पर स्वाइन फ्लू कहा जाता है, इन्फ्लुएंजा A(H1N1) वायरस से होने वाला एक श्वसन संक्रमण है। इसके सामान्य लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द, सिरदर्द, ठंड लगना और थकान शामिल हैं। कुछ मामलों में, खासकर कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों में, यह गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकता है।

जेपी नड्डा इससे पहले भी मौसमी और संक्रामक बीमारियों से निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत पर जोर दे चुके हैं। जुलाई में उन्होंने दिल्ली में डेंगू की रोकथाम और नियंत्रण की तैयारियों की भी समीक्षा की थी और केंद्र, दिल्ली सरकार, नगर निकायों, स्वास्थ्य संस्थानों और फ्रंटलाइन वर्कर्स के बीच करीबी समन्वय की अपील की थी।