अभिनेत्री रश्मिका मंदाना अब अपनी हिप इंजरी से ठीक होने के बाद जल्द ही काम पर वापसी करने के लिए तैयार हैं। अभिनेत्री ने रविवार को सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर कर अपने फैंस को अपनी सेहत का अपडेट दिया। रश्मिका ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “मैं जल्द ही काम पर लौट रही हूं और मुझे निश्चित रूप से इन सबकी याद आएगी।” पोस्ट में रश्मिका की कई तस्वीरें थीं। इनमें वह पूजा करती हुई, अपने पालतू कुत्ते के साथ समय बिताती हुई और पिक्चर पजल सॉल्व करती हुई नजर आईं।
रश्मिका ने इसी महीने की शुरुआत में सोशल मीडिया के जरिए अपनी चोट के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि अपनी आने वाली फिल्म ‘माइसा’ की शूटिंग के दौरान उनके दाहिने कूल्हे में चोट लग गई थी। यह लगातार तीसरी बार था जब उन्हें चोट लगी थी। अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा था, “चोट लगना बहुत बुरा होता है... मुझे सच में उम्मीद थी कि किसी को इसके बारे में पता नहीं चलेगा। यह कुछ समय पहले हुआ था और यह लगातार मेरी तीसरी चोट है। मुझे अपने शरीर को मशीन की तरह नहीं, बल्कि इंसान के शरीर की तरह समझना सीखना चाहिए।”
रश्मिका ने बताया कि ‘माइसा’ के एक डांस सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान उनके दाहिने कूल्हे का एक टेंडन पैर से अलग हो गया था। इस वजह से उन्हें कुछ समय आराम करना पड़ा। उन्होंने बताया कि कूल्हे के दोनों तरफ चार टेंडन होते हैं, जो कूल्हे को पैर से जोड़ने का काम करते हैं। उनके दाहिने कूल्हे का एक टेंडन अलग हो गया था और उसे दोबारा जुड़ने में समय लगना था। इसके बाद ही वह अपना पैर ठीक से ऊपर उठा पातीं और सामान्य काम कर पातीं। रश्मिका ने मजाकिया अंदाज में कहा कि यह चोट ‘माइसा’ के डांस शूट के दौरान लगी, जो उनके मुताबिक अब तक की उनकी सबसे जबरदस्त फिल्मों में से एक है। अब चोट से उबरने के बाद रश्मिका जल्द ही अपने काम पर वापस लौटने वाली हैं।