भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, राज्य में अगले 24 घंटे तक मानसून सक्रिय रहेगा और कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। यह चेतावनी 20 जुलाई सुबह 8:30 बजे तक लागू रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और मानसून ट्रफ के हिमालय की तलहटी की ओर खिसकने के कारण बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं।
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई। धर्मशाला में सबसे ज्यादा 82.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। IMD ने चंबा, कांगड़ा, शिमला और मंडी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं ऊना, बिलासपुर, सोलन, हमीरपुर, कुल्लू और सिरमौर में भी भारी बारिश की संभावना है। किन्नौर में भी कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज बारिश के कारण फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़), भूस्खलन, मलबा गिरने और चट्टानें खिसकने का खतरा बढ़ सकता है। निचले इलाकों में जलभराव, सड़कों पर फिसलन, कम दृश्यता और ट्रैफिक बाधित होने की भी आशंका है। नदियों और नालों का जलस्तर भी बढ़ सकता है। इसके अलावा, कमजोर भवनों को नुकसान, बागवानी और कृषि फसलों पर असर तथा बिजली और अन्य आवश्यक सेवाओं में रुकावट आने की भी संभावना जताई गई है।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि भूस्खलन संभावित इलाकों की यात्रा से बचें, नदियों और तेज बहाव वाले नालों के पास न जाएं, ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और मौसम विभाग की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखें। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।