पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझान सुबह 9 बजे के आसपास सामने आए, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। दोनों ही पार्टियां करीब 112-112 सीटों पर आगे चल रही हैं। हालांकि, चुनाव आयोग ने अभी तक कोई आधिकारिक रुझान जारी नहीं किया है।
तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) ने एआईएडीएमके गठबंधन पर बढ़त बनाई हुई है, जहां डीएमके करीब 55 सीटों पर आगे है, जबकि विपक्षी गठबंधन लगभग 25 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इस बीच पश्चिम बंगाल के नोआपाड़ा सीट से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने काउंटिंग सेंटर पर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उन्हें और उनके एजेंट को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई, जबकि स्ट्रॉन्ग रूम खोलने की घोषणा की जा रही थी। उन्होंने इसे गड़बड़ी की कोशिश बताते हुए चुनाव पर्यवेक्षक से शिकायत करने की बात कही।
उन्होंने कहा, "अभी तक उम्मीदवार या एजेंट काउंटिंग सेंटर नहीं पहुंचे हैं और स्ट्रॉन्ग रूम खोलने की घोषणा की जा रही है। यह धोखाधड़ी की कोशिश है, हम इसकी शिकायत करेंगे।" ईवीएम वोटों की गिनती सुबह 8:30 बजे से शुरू हो चुकी है, जिसके बाद ये शुरुआती रुझान सामने आए हैं। चुनाव आयोग की ओर से अभी आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं।
मतगणना के दौरान पश्चिम बंगाल के मालदा में आर्मर्ड वाहनों से पेट्रोलिंग की गई, वहीं केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में काउंटिंग से पहले स्ट्रॉन्ग रूम खोले गए। इस दौरान टीएमसी और भाजपा के पोलिंग एजेंटों के बीच बहस भी देखने को मिली। टीएमसी ने आरोप लगाया कि उन्हें फाइल और पेन अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी जा रही, जबकि भाजपा एजेंटों को दी जा रही है। वहीं भाजपा ने आरोप लगाया कि टीएमसी एजेंट बिना आईडी कार्ड के अंदर जाने की कोशिश कर रहे हैं। तमिलनाडु में भी मतगणना के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। लोयोला कॉलेज, क्वीन मैरी कॉलेज और अन्ना यूनिवर्सिटी जैसे केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात है और हर वाहन की जांच की जा रही है। यहां करीब 4.8 करोड़ वोटों की गिनती हो रही है।