Breaking News

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी की माता जी का निधन, उत्तराखंड के पौड़ी जिले के पंचूर गांव में ली अंतिम सांस     |   अमेरिकी सिस्टम पर साइबर हमले में विदेशी हाथ का सबूत नहीं, FBI ने साफ की स्थिति     |   खाटूश्यामजी: भोजनालय में लगी भीषण आग, मंदिर के निकास मार्ग पर मची अफरा-तफरी     |   कावेरी जल विवाद में तमिलनाडु को सुप्रीम कोर्ट से झटका, 11 TMC अतिरिक्त पानी की मांग खारिज     |   नेपाल के PM बालेन्द्र शाह 22 नवंबर से भारत दौरे पर, PM मोदी के साथ करेंगे द्विपक्षीय वार्ता     |  

योगी सरकार के प्रयास सफल, सब्जी-फल उत्पादन में यूपी बना अव्वल

उत्तर प्रदेश कृषि और बागवानी के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में खेती को आधुनिक, विविधतापूर्ण और किसानों के लिए अधिक मुनाफे का जरिया बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड (NHB) के वर्ष 2025-26 के तीसरे अग्रिम अनुमान ने भी प्रदेश की इस उपलब्धि पर मुहर लगाई है। रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश बागवानी उत्पादन, खेती के कुल रकबे और उत्पादकता के मामले में देश में पहले स्थान पर है।

देश के कुल बागवानी उत्पादन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 17.76 प्रतिशत है, जबकि कुल बागवानी क्षेत्रफल में प्रदेश का योगदान 8.92 प्रतिशत है। खास बात यह है कि प्रति हेक्टेयर उत्पादन के मामले में यूपी राष्ट्रीय औसत से लगभग दोगुना आगे है। इससे प्रदेश की कृषि क्षमता और किसानों की मेहनत का अंदाजा लगाया जा सकता है।

25.94 मीट्रिक टन प्रति हेक्टेयर पहुंची बागवानी उत्पादकता
अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण बाबू लाल मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता किसानों की आमदनी बढ़ाने और खेती को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना रही है। इसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों का असर बागवानी क्षेत्र के आंकड़ों में भी दिखाई दे रहा है।

राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड के अनुमान के अनुसार, वर्ष 2025-26 में उत्तर प्रदेश का कुल बागवानी उत्पादन 687.30 लाख मीट्रिक टन रहा। इसके मुकाबले देश का कुल उत्पादन 3,869.15 लाख मीट्रिक टन दर्ज किया गया। इस तरह राष्ट्रीय उत्पादन में यूपी की हिस्सेदारी 17.76 प्रतिशत रही।

प्रदेश में बागवानी फसलों का रकबा 26.50 लाख हेक्टेयर है, जबकि देश का कुल बागवानी क्षेत्रफल 297.21 लाख हेक्टेयर है। वहीं, उत्तर प्रदेश में प्रति हेक्टेयर बागवानी उत्पादकता 25.94 मीट्रिक टन दर्ज की गई, जबकि राष्ट्रीय औसत 13.02 मीट्रिक टन प्रति हेक्टेयर है। यानी यूपी की उत्पादकता राष्ट्रीय औसत से करीब 1.99 गुना अधिक है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि प्रदेश के किसान अपेक्षाकृत कम क्षेत्रफल में भी बेहतर उत्पादन हासिल कर रहे हैं।

सब्जी उत्पादन में देश का 20 प्रतिशत योगदान यूपी का
सब्जियों की पैदावार के मामले में भी उत्तर प्रदेश ने देश में अपनी अग्रणी स्थिति बरकरार रखी है। राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में कुल 454.65 लाख मीट्रिक टन सब्जियों का उत्पादन हुआ है। वहीं, देश का कुल सब्जी उत्पादन 2,272.68 लाख मीट्रिक टन रहा। इस हिसाब से राष्ट्रीय सब्जी उत्पादन में उत्तर प्रदेश की भागीदारी 20 प्रतिशत है।

आलू की खेती में भी यूपी का दबदबा कायम है। प्रदेश में 270 लाख मीट्रिक टन आलू पैदा हुआ, जबकि देश का कुल उत्पादन 655.70 लाख मीट्रिक टन दर्ज किया गया। इस तरह देश के कुल आलू उत्पादन में उत्तर प्रदेश का योगदान 41.18 प्रतिशत रहा। यानी राष्ट्रीय स्तर पर पैदा होने वाले हर 100 किलोग्राम आलू में करीब 41 किलोग्राम हिस्सेदारी उत्तर प्रदेश की है।

मटर, आम और अमरूद के उत्पादन में भी यूपी आगे
मटर की पैदावार में उत्तर प्रदेश ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश में 38.06 लाख मीट्रिक टन मटर का उत्पादन हुआ, जबकि देशभर में कुल उत्पादन 71.78 लाख मीट्रिक टन रहा। इस तरह राष्ट्रीय मटर उत्पादन में यूपी की हिस्सेदारी 53.03 प्रतिशत तक पहुंच गई है। यानी देश की आधे से अधिक मटर उत्तर प्रदेश में पैदा हो रही है।

फलों के उत्पादन में भी प्रदेश का प्रदर्शन शानदार रहा है। आम की पैदावार 62.15 लाख मीट्रिक टन दर्ज की गई, जो देश के कुल 239.69 लाख मीट्रिक टन उत्पादन का 25.93 प्रतिशत है। वहीं, अमरूद के मामले में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 21.08 प्रतिशत रही। प्रदेश में 11.65 लाख मीट्रिक टन अमरूद का उत्पादन हुआ, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह आंकड़ा 55.28 लाख मीट्रिक टन रहा।

शिमला मिर्च के उत्पादन में भी उत्तर प्रदेश ने अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। प्रदेश में 1.76 लाख मीट्रिक टन शिमला मिर्च का उत्पादन हुआ, जबकि देश का कुल उत्पादन 7.97 लाख मीट्रिक टन रहा। इसमें उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 22.06 प्रतिशत है।

बागवानी क्षेत्र में हासिल हुई ये उपलब्धियां प्रदेश के किसानों की बढ़ती उत्पादन क्षमता और कृषि क्षेत्र में हो रहे बदलाव को दर्शाती हैं। बेहतर उत्पादकता, फसल विविधीकरण और स्थानीय स्तर पर बागवानी को प्रोत्साहन मिलने से उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख कृषि उत्पादक राज्यों में अपनी स्थिति और मजबूत कर रहा है।